
PM Modi 76th Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की शुरुआत की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन पर आधारित ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया और उनके नेतृत्व में देश में हुए बदलावों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी से गुजरात के वडनगर तक जाने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। काशी से 250 बाइक पर 500 युवा वडनगर के लिए रवाना हुए। इसी तरह वडनगर से भी 250 बाइक पर 500 यात्री काशी के लिए रवाना हुए।
काशी से वडनगर तक 500 युवाओं की बाइक यात्रा
‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ प्रधानमंत्री मोदी की कर्मभूमि काशी को उनकी जन्मभूमि वडनगर से जोड़ रही है। यात्रा में शामिल युवा प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस दौरान विभिन्न राज्यों में सेवा, संवाद और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह यात्रा 7 अक्टूबर तक चलेगी। दोनों यात्राओं में शामिल यात्री अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र नदियों का जल लेकर जाएंगे। 7 अक्टूबर को वडनगर में भगवान हाटकेश्वर और काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के अनुसार, सेवा संकल्प यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले यात्रा के मार्ग में शामिल होंगे।
यात्रा के दौरान प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और देश में हुए बदलावों पर आधारित 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। साथ ही स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
चिराग पासवान और चंद्रबाबू नायडू भी हुए शामिल
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का नाम है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी की धरती पर मौजूदगी को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तकनीक के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
योगी बोले- सुरक्षित भारत दुनिया से आंख मिलाकर बात करता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष 7 अक्टूबर को पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मोदी ने ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ लगातार सेवा की यात्रा को आगे बढ़ाया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित भारत अब दुनिया से आंख मिलाकर बात करता है। उनके अनुसार, मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गांव, गरीब, महिला और युवा समेत समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने आवास, शौचालय, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, डिजिटल सेवाओं, बैंकिंग और बुनियादी ढांचे के विस्तार को इस बदलाव का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और नई तकनीकों के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।
राजनाथ सिंह बोले- दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, गरीबी से लोगों को बाहर निकालना, संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और युवाओं को अवसर देना जैसे विषय शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले देश के सामने कई अवसर आए, लेकिन वे निकल गए। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए तत्कालीन सरकार पर अवसर गंवाने का आरोप लगाया।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत जो बोलता है, उसे दुनिया गंभीरता से सुनती है।
काशी-वडनगर के ऐतिहासिक संबंध का भी किया उल्लेख
राजनाथ सिंह ने काशी और वडनगर के बीच करीब दो हजार वर्ष पुराने संबंध का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में बौद्ध भिक्षुओं ने सारनाथ से वडनगर तक यात्रा कर ज्ञान और अध्यात्म का प्रसार किया था। उनके अनुसार, आज की सेवा संकल्प यात्रा उसी ऐतिहासिक जुड़ाव को नए रूप में आगे बढ़ा रही है।
‘गंगासागर नमो नम:’ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनभवन परिसर में आयोजित ‘गंगासागर नमो नम:’ लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कार्यक्रम से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने छात्राओं को उपहार देकर शिक्षा के प्रति लगाव के लिए प्रेरित किया।
लोकार्पण के अवसर पर पूजन किया गया। उपस्थित गणमान्य लोगों ने आरती में हिस्सा लिया। छात्राओं ने भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
दुनियाभर के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के नेताओं और राजनयिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पुतिन ने अपने संदेश में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान का उल्लेख किया और दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने की बात कही।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी गई। ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन, स्लोवाकिया के राजदूत रॉबर्ट मैक्सियन और जापान के राजदूत ओनो केइची ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
जापानी राजदूत ने अगले वर्ष भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ का उल्लेख किया।
देशभर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर भाजपा के ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत देशभर में दीप जलाए गए। दिल्ली में कर्तव्य पथ, सेवा तीर्थ और नई संसद के आसपास 1.25 लाख दीये जलाए गए।
लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीये जलाए। कोलकाता में एक लाख दीये जलाए गए, जबकि उज्जैन में शिप्रा तट पर 33 लाख से अधिक दीपों से दीपोत्सव का आयोजन हुआ। वाराणसी समेत देश के कई अन्य शहरों में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।



