IIT Mandi Director: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मंडी में शीर्ष पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्रालय ने संस्थान के नए डायरेक्टर के चयन के लिए आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन भेज सकते हैं।
डायरेक्टर पद के लिए उम्मीदवार का शैक्षणिक रिकॉर्ड उत्कृष्ट होना चाहिए। आवेदन करने वाले के पास पीएचडी डिग्री के साथ शिक्षण और शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां होना आवश्यक है। साथ ही किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्षों का अनुभव भी मांगा गया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार के पास प्रशासनिक नेतृत्व का अनुभव भी होना चाहिए। संस्थान संचालन, नीति निर्माण और अकादमिक प्रबंधन में दक्षता रखने वालों को प्राथमिकता मिलेगी।
चयनित अभ्यर्थी को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आकर्षक वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। आवेदन के साथ विस्तृत प्रोफाइल, उपलब्धियों का विवरण और संस्थान के विकास को लेकर विजन दस्तावेज भी जमा करना होगा।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वर्तमान निदेशक का कार्यकाल इस वर्ष दिसंबर में समाप्त होने वाला है, जिसके बाद नए निदेशक की नियुक्ति की जाएगी।
written by Siddhi Srivastava