UP News-‘आशीर्वाद का दीया’ से आलोकित हुआ रामपुर गढ़ौवा विद्यालय

UP News – Rampur Garhauva School illuminated by the ‘Lamp of Blessings’

UP News:सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विद्यार्थियों से जोड़ने के उद्देश्य से बीएसए उन्नाव द्वारा जारी लिखित निर्देश के क्रम में तथा खंड शिक्षा अधिकारी औरास दीपेश कुमार के निर्देशन में औरास के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में गुरुवार सायं ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सायं सात बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ से शिक्षक इंद्रपाल तथा विद्यालय के लगभग 20 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। बच्चों ने सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कर सेवा, सद्भाव, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दिया। दीपों से तैयार रचनात्मक प्रस्तुति ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सेवा को महज औपचारिक गतिविधि न मानकर सामाजिक दायित्व के रूप में आत्मसात करने का संकल्प लिया। भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत छोटे किंतु सार्थक प्रयासों से ही होती है।
खंड शिक्षा अधिकारी दीपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहल विद्यार्थियों के अनुभवात्मक अधिगम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनी। शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहयोग और समाजोपयोगी दृष्टिकोण विकसित करना भी है।
कार्यक्रम की फोटो एवं वीडियो अभिलेख भी तैयार किए गए। विद्यालय परिसर में प्रज्ज्वलित दीपों ने वातावरण को आलोकित करने के साथ बच्चों में सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को सुदृढ़ किया। विद्यालय के शिक्षक, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश, पंचायत सहायक एवं रसोइया उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button