
UGC-NET : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET 2026 के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। 22 से 30 जून के बीच आयोजित परीक्षा में अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियां मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया। इस साल NTA की ओर से किसी बड़े परीक्षा को रद्द या दोबारा कराने का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले NEET-UG 2026 की परीक्षा पेपर लीक के बाद रद्द की गई थी।
NTA ने बताया कि तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी कई गलतियां मिलीं। इसके अलावा कुछ सवालों की भाषा में त्रुटियां, व्याकरण संबंधी गलतियां और पहले की परीक्षाओं में पूछे जा चुके सवालों की पुनरावृत्ति भी सामने आई।
9 और 10 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
NTA के अनुसार UGC-NET English की दोबारा परीक्षा 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसी दिन Commerce की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।
Sociology की री-एग्जाम 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इन तीन विषयों के उम्मीदवारों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
प्रश्नपत्रों में मिलीं कई तरह की गड़बड़ियां
NTA की ओर से गठित समिति ने उम्मीदवारों की शिकायतों की जांच की। समिति के मुताबिक प्रश्नपत्रों में प्रमुख विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग, किताबों के शीर्षकों में गड़बड़ी, प्रश्नों के वाक्य में त्रुटियां, व्याकरण और विराम चिह्न की गलतियां तथा गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल पाया गया।
इसके अलावा पहले आयोजित परीक्षाओं में पूछे गए कई सवालों को दोबारा शामिल किए जाने की बात भी सामने आई। समिति ने निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा के लिए तीनों विषयों की परीक्षा फिर से कराने की सिफारिश की।
English और Sociology पेपर पर भी उठे थे सवाल
उम्मीदवारों ने परीक्षा के बाद प्रश्नपत्रों को लेकर कई शिकायतें की थीं। कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया था कि English के प्रश्नपत्र में 2024 की परीक्षा के कई सवाल दोबारा पूछे गए। Sociology के अभ्यर्थियों ने भी प्रश्नपत्र में स्पेलिंग, अनुवाद और टाइपिंग से जुड़ी गलतियों की शिकायत की थी।
कुछ उम्मीदवारों ने यह भी दावा किया था कि Sociology परीक्षा से पहले हस्तलिखित सवालों वाली एक PDF प्रसारित हुई थी, जिसमें कथित तौर पर वास्तविक परीक्षा के कई सवाल और विकल्प मिलते-जुलते थे। हालांकि, इन दावों की जांच और आधिकारिक पुष्टि अलग विषय है।
दोबारा परीक्षा से छात्रों की बढ़ी परेशानी
NTA के फैसले के बाद उम्मीदवारों के सामने दोबारा तैयारी और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा की गलती उनकी नहीं थी, लेकिन अब उन्हें फिर से तैयारी करनी पड़ रही है।
कुछ उम्मीदवारों ने यह भी बताया कि सितंबर में CTET और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बीच UGC-NET के लिए दोबारा तैयारी करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की जारी
NTA ने रविवार को UGC-NET के 87 में से 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की भी जारी कर दी। उम्मीदवार 18 अगस्त तक प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
UGC-NET परीक्षा में दो पेपर होते हैं। Paper-I में शिक्षण अभिरुचि, रीजनिंग और सामान्य जागरूकता से जुड़े 50 प्रश्न होते हैं, जबकि Paper-II में संबंधित विषय से जुड़े 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं।
UGC-NET परीक्षा असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और PhD कार्यक्रमों में प्रवेश से जुड़ी पात्रता निर्धारित करने के लिए आयोजित की जाती है।



