UP Politics : यूपी चुनाव 2027 की तैयारी तेज, मथुरा के बाद दिल्ली में अमित शाह से मिले योगी; एक घंटे चली बैठक

UP Politics : यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। मथुरा बैठक में भी चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ।

UP Politics : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। करीब एक घंटे चली इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की तैयारियों और लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के रोडमैप पर चर्चा हुई।

अमित शाह के आवास पर बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में भी बीएल संतोष शामिल हुए। करीब एक घंटे चली इस मुलाकात में पार्टी संगठन और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। हालांकि, दोनों बैठकों के एजेंडे को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

मथुरा में दो दिन चला चुनावी रणनीति पर मंथन

दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और बीएल संतोष मथुरा में पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के अंतिम दिन वरिष्ठ नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता लगातार तीसरी बार हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की।

भाजपा के लिए यह चुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह सक्रिय करने की है। बैठक में चुनावी तैयारियों, नेताओं की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय पर भी जोर दिया गया।

योगी ने पेश किया सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड

मथुरा की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इसमें सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को चुनावी नजरिए से सामने रखने पर चर्चा हुई। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव में पूरी तैयारी, बेहतर योजना और आपसी तालमेल के साथ उतरना होगा।

उन्होंने जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को अपनी गलतियों के प्रति भी आगाह किया। पार्टी नेतृत्व का जोर संगठनात्मक स्तर पर कमजोरियों को दूर करने और चुनाव से पहले सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर है।

तीसरी बार सत्ता हासिल करने की चुनौती

उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की चुनौती लेकर आएगा। ऐसे में मथुरा से लेकर दिल्ली तक पार्टी के शीर्ष नेताओं की बैठकों को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अमित शाह और नितिन नबीन से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, बैठकों के आधिकारिक एजेंडे का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इन मुलाकातों का समय और राजनीतिक परिस्थितियां यूपी चुनाव की तैयारियों की अहमियत को रेखांकित करती हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button