UP News : आइसलैंड की संसद में सतीश महाना की अहम बैठक, भारत-आइसलैंड के संसदीय और सांस्कृतिक संबंधों पर चर्चा

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने रेक्याविक में आइसलैंड संसद की अध्यक्ष थोरुन स्वेइनब्यॉर्नार्दोत्तिर और विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष पावेल बार्तोज्की से मुलाकात की।

UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की राजधानी रेक्याविक में आइसलैंड की संसद की अध्यक्ष थोरुन स्वेइनब्यॉर्नार्दोत्तिर (Þórunn Sveinbjarnardóttir) और विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष पावेल बार्तोज्की (Pawel Bartoszek) से मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक में भारत और आइसलैंड की संसदीय व्यवस्थाओं, लोकतांत्रिक परंपराओं और विधायी कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सतीश महाना ने दोनों देशों की संसदीय संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर आपसी संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।

युवाओं के संसदीय और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर जोर

सतीश महाना ने दोनों देशों के युवाओं के बीच संवाद और आदान-प्रदान बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। विभिन्न देशों के युवाओं के बीच संसदीय और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से लोकतांत्रिक समझ तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा मिल सकता है।

व्यापारिक संबंधों और सांस्कृतिक सहयोग पर भी बातचीत

बैठक में भारत और आइसलैंड की साझा सांस्कृतिक विरासत, विधायी परंपराओं, व्यापारिक संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सतीश महाना ने आइसलैंड के प्रतिनिधियों को भारत और उत्तर प्रदेश आने का निमंत्रण दिया।

बैठक में संसदीय सहयोग के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों, व्यापारिक संपर्क और युवा आदान-प्रदान को बढ़ाने की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों के बीच यह संवाद साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और पारस्परिक सम्मान पर आधारित संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

Show More

Related Articles

Back to top button