Business News-रुपये ने डॉलर की तुलना में लगाई जोरदार छलांग, 56 पैसे की मजबूती के साथ बंद हुई भारतीय मुद्रा

Business News - The rupee made a strong leap against the dollar, closing 56 paise higher.

Business News- घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आज भारतीय मुद्रा रुपये ने शुरुआती कमजोरी को पूरी तरह से धोते हुए जोरदार छलांग लगाई और पिछले बंद भाव के मुकाबले 56 पैसे की भारी-भरकम मजबूती के साथ 93.91 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। 12 अक्टूबर के बाद से यह रुपये में आई एक दिन की सबसे बड़ी तेजी है। आज के कारोबार में भारतीय करेंसी इंट्रा-डे में 93.82 रुपये प्रति डॉलर के स्तर को टच करके छह महीने के उच्चतम स्तर पर भी पहुंची।

माना जा रहा है कि घरेलू शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की वापसी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत में आई नरमी के सपोर्ट से रुपया आज एशिया में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बनकर उभरा। हालांकि, आज सुबह इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपये की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। भारतीय मुद्रा डॉलर की तुलना में गुरुवार के बंद भाव 94.47 रुपये के मुकाबले मामूली कमजोरी के साथ 94.49 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर खुली थी।

आज के कारोबार की शुरुआत होते ही आयातकों की ओर से डॉलर की मांग में तेजी आने के चलते रुपया एक समय फिसलकर 94.51 के इंट्रा-डे लोअर लेवल तक भी चला गया था। इसके बाद विदेशी बैंकों और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से की गई डॉलर की भारी बिकवाली ने बाजार का पासा पूरी तरह पलट दिया, जिससे रुपया निचले स्तर से 60 पैसे की शानदार रिकवरी दिखाते हुए 93.82 के इंट्राडे उच्च स्तर तक पहुंच गया।

दिन के अंतिम सत्र में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी 93.88 के स्तर के करीब बाजार से डॉलर की खरीदारी कर रुपये की आज की आक्रामक बढ़त को थोड़ा सीमित कर दिया। इसके बावजूद पूरे दिन के कारोबार के बाद रुपया 93.91 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा। इस बंपर तेजी के साथ ही रुपये ने इस कारोबारी सप्ताह के दौरान डॉलर के मुकाबले कुल 1.2 प्रतिशत की शानदार साप्ताहिक बढ़त दर्ज की है।

डॉलर के साथ-साथ आज दुनिया की अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में भी भारतीय रुपया मजबूत स्थिति में बंद हुआ। ब्रिटिश पॉन्ड के मुकाबले भारतीय रुपये में आज चौतरफा मजबूती का रुख बना रहा। रुपये की मजबूती के कारण पॉन्ड गुरुवार के 127.18 के स्तर से 1.49 रुपये यानी 1.17 प्रतिशत की भारी गिरावट का शिकार होकर 125.6936 के स्तर पर आ गया।

इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के मुकाबले भी रुपये ने आज अपनी पूरी ताकत दिखाई, जिसके कारण यूरो आज भारतीय मुद्रा के सामने 1.18 रुपये यानी 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 104.92 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा जापानी येन के खिलाफ भी रुपया आज 0.54 प्रतिशत सुधरकर 0.59 के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।

विदेशी मुद्रा बाजार के एक्सपर्ट्स का कहना है कि महीनों तक लगातार बिकवाली करने के बाद विदेशी निवेशक अब अमेरिकी टेक कंपनियों के महंगे वैल्यूएशन और वहां एआई निवेश के रिटर्न पर उठ रहे सवालों के कारण दोबारा भारतीय बाजारों में लौट आए हैं। विदेशी निवेशकों ने इस हफ्ते लगभग 3 अरब डॉलर के भारतीय शेयर खरीदे हैं, जिसमें पिछले छह सालों की एक दिन की सबसे बड़ी खरीदारी भी शामिल है।

मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना हा कि इसके साथ ही ईरान विवाद के समाधान की उम्मीदों के बीच इस हफ्ते ब्रेंट क्रूड की कीमत में आई लगभग 20 प्रतिशत की भारी गिरावट ने भारत के इंपोर्ट बिल के दबाव को भी काफी कम कर दिया है। ऐसा होने से फॉरेक्स मार्केट में डॉलर की मांग बहुत घट गई है। बाजार विश्लेषकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में स्पॉट डॉलर-रुपया (यूएसडी-आईएनआर) कारोबार में रुपये के लिए नीचे की तरफ 93.50 पर मजबूत सपोर्ट बना हुआ है, जबकि ऊपर की तरफ 94.30 के स्तर पर कड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ नजर आ रहा है।

Read Also-आरपीएफ, जीआरपी, बीडीएस और डॉग स्क्वॉड के साथ चलाया सघन चेकिंग अभियान

Show More

Related Articles

Back to top button