
दीपावली त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज, जीआरपी और आरपीएफ डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, ट्रेनों, पार्किंग स्थल और सर्कुलेटिंग एरिया में सघन जांच की गई। सुरक्षा टीम ने डॉग स्क्वाड की मदद से भी स्टेशन परिसर और विभिन्न स्थानों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। संयुक्त टीम ने रेलवे परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के दृष्टिगत जांच की। त्योहार के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य दीपावली के दौरान रेल यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और रेलवे परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



