
Lucknow News-राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले युवाओं ने पेपर लीक, बेरोजगारी और खाली पड़े पदों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब चार हजार युवाओं ने हिस्सा लिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके भी शामिल हुए। उन्होंने युवाओं के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि युवा अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सड़क पर धरना देकर छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही।
बताया गया कि शुरुआत में प्रदर्शन में भीड़ बिखरी हुई नजर आई, लेकिन अभिजीत दीपके के पहुंचने के बाद आंदोलन को नई दिशा मिली। उन्हें सुनने के लिए युवाओं की बड़ी भीड़ जुटी, जिसके चलते समर्थकों को सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा।
अभिजीत दीपके ने युवाओं से आगामी 20 जून को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर युवाओं की आवाज लगातार उठती रहेगी।
वहीं आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा ने कहा कि सरकार के दबाव के बावजूद युवा एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों खाली पदों को भरने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आइसा प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा और रोजगार की लड़ाई अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। अध्यापक सुनील यादव ने कहा कि समयबद्ध और निष्पक्ष परीक्षा कराना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रतियोगी छात्र अखिलेश ने पेपर लीक और रिक्त पदों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
Read Also-Ujjain News-उज्जैनः फर्जी निवेश के नाम पर 1 करोड़ 77 लाख की ठगी, भोपाल से आरोपी गिरफ्तार



