
IPL-2026-डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बनाया।
आरसीबी की जीत के नायक रहे जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार, जिन्होंने नई गेंद से कहर बरपाते हुए दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने शुरुआती चार ओवरों में ही 6 विकेट झटककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। हेजलवुड ने 4/12 और भुवनेश्वर ने 3/5 के शानदार आंकड़े दर्ज किए।
दिल्ली की टीम महज 75 रन पर सिमट गई, जो इस सीजन का सबसे कम स्कोर है। अभिषेक पोरेल ने 30 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। पावरप्ले में 13/6 का स्कोर आईपीएल इतिहास का सबसे न्यूनतम पावरप्ले स्कोर बन गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने महज 6.3 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। देवदत्त पडिक्कल ने 34 रन और विराट कोहली ने 23 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। इससे पहले जेकब बेथेल ने भी तेज 20 रन की पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी की शुरुआत ही खराब रही, जब केएल राहुल, अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे प्रमुख बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए।
हेजलवुड और भुवनेश्वर आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी जोड़ी बन गई, जिसने एक ही मैच के पावरप्ले में तीन-तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ आरसीबी ने न केवल अपनी स्थिति मजबूत की, बल्कि अपने खिताब बचाने की दावेदारी भी और पुख्ता कर दी।
Read Also-UP News-श्याम मंदिर का मना 10 वां स्थापना दिवस, मोहिनी एकादशी पर जली अखंड ज्योति



