
International Yoga Day 2026 : उत्तर प्रदेश में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का आधार है और इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक आयु वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 21 जून को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों, तहसीलों, ब्लॉकों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। आयोजन स्थलों के चयन में सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
15 से 21 जून तक चलेगा योग सप्ताह
बैठक में बताया गया कि 15 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में “योग सप्ताह” मनाया जाएगा। इस दौरान जनपद मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक प्रतिदिन प्रातःकाल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि रेडियो जिंगल, सोशल मीडिया अभियान, योग सेल्फी अभियान, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। साथ ही चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पुलिस स्टेशनों, बस स्टेशनों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
योग जागरूकता पखवाड़े में होंगी प्रतियोगिताएं
योग जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत योग रैली, प्रभात फेरी, योग संवाद, योग क्विज, पोस्टर, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा योग विशेषज्ञों, गैर-सरकारी संगठनों (NGO) और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
14 जून को होगा गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास
मुख्य सचिव ने 14 जून को आयोजित होने वाले गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। प्रमुख सचिव आयुष रंजन कुमार ने बताया कि आयुष मंत्रालय और हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सत्र का लिंक भेजा जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत डिवाइस से लॉग-इन करना अनिवार्य होगा।
21 जून को राजभवन और रेजीडेंसी में होगा मुख्य आयोजन
प्रमुख सचिव आयुष ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजभवन लॉन और रेजीडेंसी परिसर में आयोजित किया जाएगा। वहीं जनपद स्तर पर जिला मुख्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम होंगे।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, मिशन निदेशक नेशनल आयुष मिशन चैत्रा वी. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



