International News: अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ट्रंप का तंज, बोले- ‘हम अच्छे लोग हैं, इसलिए ईरान को एक हफ्ते की मोहलत दी’

माउंट रशमोर में ट्रंप ने ईरान पर कसा तंज, बोले- समझौते के लिए बेताब है तेहरान।

International News: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सुर्खियों में आ गया है। तेहरान में जहां हजारों लोग नम आंखों से खामेनेई को अंतिम विदाई दे रहे हैं, वहीं ट्रंप ने ईरान पर तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका ने अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की मोहलत दी, क्योंकि “हम अच्छे लोग हैं।”

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले माउंट रशमोर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को सैन्य मोर्चे पर बुरी तरह कमजोर किया है। उन्होंने दावा किया कि अब ईरान समझौते के लिए बेताब है और जल्द से जल्द बातचीत चाहता है।

ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, “हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते का समय दिया, क्योंकि हम अच्छे लोग हैं।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।

28 फरवरी को हुई थी खामेनेई की मौत

ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में मौत हो गई थी। इन हमलों में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे, जबकि उनके बेटे मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए थे।

युद्ध जैसे हालात के कारण उनका अंतिम संस्कार कई महीनों तक नहीं हो सका और पार्थिव शरीर को सुरक्षित रखा गया।

तेहरान में जारी है अंतिम विदाई

3 जुलाई से तेहरान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कार्यक्रम शुरू हो चुका है। खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के पार्थिव शरीर को ग्रैंड मोसल्ला कॉम्प्लेक्स में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

बताया जा रहा है कि तीन दिनों तक आम लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद 6 जुलाई को तेहरान में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और 9 जुलाई को उनके जन्मस्थान मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

International News: ईरान की अमेरिका और इजरायल को दो टूक चेतावनी, कहा- वादे पूरे नहीं हुए तो देंगे करारा जवाब

100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि पहुंचे

ईरान में आयोजित अंतिम विदाई समारोह में हजारों नागरिकों के साथ 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे कार्यक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button