
APEC Summit 2026: चीन के दक्षिणी टेक हब शेनझेन में आयोजित एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं का जमावड़ा लगा है। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास ध्यान खींचा। तीनों नेताओं के बीच हाथ मिलाने और बातचीत की तस्वीरें सामने आई हैं। सम्मेलन में शामिल देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
APEC सम्मेलन में अमेरिका, रूस और चीन समेत 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में तीनों प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों की एक मंच पर मौजूदगी को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ट्रंप और पुतिन की जिनपिंग से मुलाकात के दौरान माहौल औपचारिक होने के साथ सहज भी नजर आया।
तीनों नेताओं की औपचारिक बैठक पर टिकी निगाहें
शेनझेन में ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात के साथ ही तीनों नेताओं के बीच प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को APEC सम्मेलन से इतर तीनों नेताओं की बैठक निर्धारित है। इस बातचीत में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, परमाणु हथियारों, ईरान और यूक्रेन से जुड़े मुद्दों के उठने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बैठक के नतीजों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
व्यापार समझौतों पर ट्रंप ने जताई उम्मीद
APEC सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापार समझौतों को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका कई देशों के साथ व्यापारिक समझौतों पर बातचीत कर रहा है और कुछ बड़े देशों के साथ जल्द ही कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
ट्रंप ने कहा, ”हम इस खूबसूरत मेज पर बैठे कुछ लोगों के साथ कई व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहे हैं। हमारे पास कई ऐसे व्यापार समझौते हैं, जिन पर बहुत जल्द बड़े देशों के साथ हस्ताक्षर किए जाएंगे।”
सुपरइंटेलिजेंस में अमेरिकी नेतृत्व का दावा
अपने संबोधन में ट्रंप ने सुपरइंटेलिजेंस (SI) का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे औद्योगिक क्रांति के बाद का सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव बताते हुए कहा कि अमेरिका इस क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकियों ने ही इस तकनीक का आविष्कार किया है और इससे दुनियाभर में विकास तथा समृद्धि के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
हालांकि, उन्होंने इसके संभावित नकारात्मक पहलुओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत भी बताई। ट्रंप ने कहा कि इस तकनीक की संभावनाओं को सुरक्षित रखना जरूरी है, लेकिन इसके जोखिमों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
वैश्विक नियमन के प्रयासों का विरोध
ट्रंप ने सुपरइंटेलिजेंस को नियंत्रित करने के लिए किसी वैश्विक नियमन या ऐसी व्यवस्था का विरोध किया, जिससे इसकी प्रगति प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसी किसी कोशिश का समर्थन नहीं करेगा, जो इस तकनीक के विकास को रोकती हो।
APEC सम्मेलन के दौरान व्यापार, तकनीक और वैश्विक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है। ऐसे में ट्रंप का यह बयान भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजरें तीनों नेताओं की प्रस्तावित बैठक और उसमें उठने वाले मुद्दों पर टिकी हैं।
written by Siddhi Srivastava



