New Delhi News: दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम के क्रिकेट निदेशक बने जयवर्धने, डब्ल्यूपीएल 2027 से संभालेंगे जिम्मेदारी

New Delhi News: Jayawardene appointed Director of Cricket for Delhi Capitals' women's team; will assume the role starting from WPL 2027

New Delhi News:श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और तीन बार आईपीएल खिताब जीतने वाले कोच महेला जयवर्धने को दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टीम का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को आगामी 2027 सत्र से पहले यह घोषणा की। जेएसडब्ल्यू और जीएमआर के सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने जयवर्धने को टीम की क्रिकेट संबंधी सभी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अपनी नई भूमिका में जयवर्धने टीम की रणनीति तैयार करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने तथा खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से महिला टीम को अगले स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

अपनी पीढ़ी के सबसे चर्चित बल्लेबाजों में शामिल जयवर्धने ने श्रीलंका के लिए 149 टेस्ट और 448 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 11,814 और एकदिवसीय क्रिकेट में 12,650 रन बनाए हैं। वह श्रीलंका की कप्तानी भी कर चुके हैं और 2014 में आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और फ्रेंचाइजी क्रिकेट के सफल रणनीतिकारों में शामिल हुए।

दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक और जीएमआर स्पोर्ट्स के चेयरमैन किरण कुमार ग्रांधी ने नियुक्ति पर कहा कि दिल्ली कैपिटल्स महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत से ही इस यात्रा में आगे रही है। फ्रेंचाइजी का लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना रहा है, जो मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह उच्च मानक स्थापित करे। महिला क्रिकेट के लगातार बढ़ते स्तर को देखते हुए टीम अपनी क्रिकेट संबंधी रणनीति को और मजबूत करना चाहती है तथा पहले से तैयार आधार पर आगे बढ़ते हुए खिताब की दावेदार टीम बनाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि महेला की नियुक्ति से महिला टीम को अनुभव और रणनीतिक नेतृत्व का नया आयाम मिलेगा। आधुनिक क्रिकेट की उनकी समझ और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने का अनुभव दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम को अगले स्तर तक ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। फ्रेंचाइजी उन्हें टीम के साथ जुड़ते हुए देखने के लिए उत्साहित है।

दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक तथा जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा कि महेला क्रिकेट की दुनिया के बेहतरीन रणनीतिकारों में से एक हैं। एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के रूप में उनका रिकॉर्ड खुद उनकी क्षमता बयां करता है। उन्होंने कहा कि महेला का दिल्ली कैपिटल्स परिवार में स्वागत करते हुए फ्रेंचाइजी बेहद खुश है और उनके अनुभव तथा नजरिये से टीम को फायदा मिलेगा।

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुनील गुप्ता ने कहा कि महेला की नियुक्ति विश्वस्तरीय महिला क्रिकेट टीम तैयार करने और फ्रेंचाइजी में उत्कृष्टता की स्थायी संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विजेता टीमें तैयार करने का उनका अनुभव, खेल की गहरी समझ और प्रतिभाओं को निखारने की क्षमता उन्हें टीम के नेतृत्व समूह का अहम हिस्सा बनाती है। उन्हें विश्वास है कि महेला की सोच, अनुभव और नेतृत्व डब्ल्यूपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के अगले अध्याय को आकार देने और टीम को लगातार शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में मदद करेंगे।

नियुक्ति पर महेला जयवर्धने ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स की अपनी मजबूत पहचान और महिला क्रिकेट के भविष्य को लेकर शानदार सोच है। डब्ल्यूपीएल टीम के क्रिकेट निदेशक की जिम्मेदारी मिलने से वह बेहद खुश हैं। इस प्रतियोगिता में महिला क्रिकेट का भविष्य बदलने की अपार क्षमता है। वह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और अनुभवी सहयोगी स्टाफ के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा कि उनका ध्यान टीम की मौजूदा खूबियों को और मजबूत करने, प्रदर्शन में निरंतरता लाने तथा टीम को लगातार बेहतर बनाने पर रहेगा, ताकि दिल्ली कैपिटल्स खिताब के लिए चुनौती पेश कर सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरी टीम मिलकर आने वाले समय में शानदार उपलब्धियां हासिल करेगी।

Read Also-Sports News: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन के दोषी पाए गए तौहिद हृदोय

Show More

Related Articles

Back to top button