
UP News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजधानी लखनऊ में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम करीब 5:30 बजे आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। पहली बार दिल्ली से बाहर इस प्रतिष्ठित समारोह की मेजबानी लखनऊ को मिली है। सम्मानित होने वाले मेधावियों में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं।
समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी मौजूद रहेंगे। देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से करीब 1200 प्रशिक्षार्थियों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 52 टॉपर्स में 37 शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और 15 शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) के प्रशिक्षार्थी हैं।
यूपी के छह मेधावी राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वाले उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थियों में तीन सीटीएस और तीन सीआईटीएस श्रेणी से हैं। इनमें देवरिया के नीतेश चौरसिया (फिटर), फैजाबाद की काजल महावर (पेंटर), लखनऊ के अब्दुल मोबिन (मैकेनिकल डीजल), शाहबाज खान (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक), प्राची विश्वकर्मा (ड्रेस मेकिंग) और प्रतिभा (इलेक्ट्रीशियन) शामिल हैं।
खास बात यह है कि सीआईटीएस के तीनों राष्ट्रीय टॉपर अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के हैं। संस्थान का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2024-25 में संस्थान के 19 में से 16 और 2025-26 में 38 में से 34 प्रशिक्षार्थी राष्ट्रीय टॉपर रहे हैं।
सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मी तैनात, एनएसजी भी मुस्तैद
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा का अभेद्य घेरा तैयार किया गया है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था में करीब 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें आठ डीसीपी, 10 एडीसीपी, 34 एसीपी, 114 इंस्पेक्टर और 946 सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा आरआरएफ की दो कंपनियों के साथ एनएसजी की टीम भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम, नाइट विजन उपकरण और एंटी सबोटाज टीम तैनात की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर ऊंची इमारतों की छतों से निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले पुलिस ने राजधानी के पांचों जोन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 735 होटल, ढाबों और अपार्टमेंट की जांच की गई। साथ ही 4433 संदिग्ध व्यक्तियों और 1912 वाहनों की चेकिंग की गई।
10 घंटे तक ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर प्रतिबंध
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शनिवार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक राजधानी में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। गोमतीनगर, कमता, पॉलिटेक्निक, शहीद पथ और अहिमामऊ क्षेत्र के कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शहीद पथ के कई अंडरपास और कट भी बंद रखे जाएंगे।
बसों और भारी व्यावसायिक वाहनों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 790 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की 11 कंपनियां और दो प्लाटून तैनात रहेंगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।



