
दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। यह अभियान प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म, यात्री गाड़ियों, पार्किंग स्थल, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज सहित स्टेशन के सभी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों की गहन जांच की। इस दौरान यात्रियों के सामान के साथ संदिग्ध एवं लावारिस वस्तुओं की भी विशेष रूप से तलाशी ली गई। बीडीएस और डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच की गई। चेकिंग के दौरान यात्रियों को ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर ट्रेन में सफर नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही लावारिस वस्तुओं को नहीं छूने और कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल जीआरपी या आरपीएफ सूचना देने की अपील की गई।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



