
International News: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें विश्वास है कि ईरान के साथ जारी युद्ध अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के तुरंत बाद खत्म हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल ईरान के साथ बातचीत की कोई योजना नहीं है।
चुनाव के बाद खत्म होगा युद्ध?
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अमेरिका में होने वाले चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, ताकि वहां ऐसा नेतृत्व आए जो उसे अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की अनुमति दे।
ट्रंप ने ईरान के परमाणु हथियारों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि संघर्ष के पीछे ईरान का अंतिम लक्ष्य परमाणु हथियार हासिल करना है।
तेल की कीमतों पर ट्रंप का बड़ा दावा
युद्ध और मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार पर भी असर पड़ रहा है। इसी बीच ट्रंप ने तेल की कीमतों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद अमेरिका में तेल की कीमत 2 डॉलर प्रति गैलन से भी नीचे लाई जाएगी।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य-पूर्व में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
Donald Trump: 5,000 डॉलर देने का वादा! ट्रंप ने अमेरिकी वोटरों को दिया बड़ा चुनावी ऑफर
बातचीत की फिलहाल कोई योजना नहीं
ट्रंप ने एक तरफ युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीद जताई है, लेकिन दूसरी तरफ ईरान के साथ तत्काल बातचीत की किसी योजना से इनकार किया है। ऐसे में उनके बयान ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर बिना बातचीत के युद्ध को खत्म करने की उनकी रणनीति क्या होगी।
अब ट्रंप के इस दावे के बीच पूरी दुनिया की नजर अमेरिका-ईरान संघर्ष की अगली दिशा और वैश्विक तेल कीमतों पर बनी हुई है।



