
Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव से पहले बड़ा चुनावी वादा किया है। ट्रंप ने कहा कि अगर नवंबर में रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में अपना बहुमत बरकरार रखती है, तो हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे।
क्या है ट्रंप का नया प्लान?
डैलस में आयोजित रिपब्लिकन सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस योजना को “ट्रंप डिविडेंड” नाम दिया जाएगा। उनके मुताबिक, रिपब्लिकन पार्टी की जीत सीधे अमेरिकी नागरिकों के लिए आर्थिक लाभ लेकर आएगी।
हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस योजना के लिए जरूरी फंड कहां से आएगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस प्रस्ताव पर करीब 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक खर्च आ सकता है।
समर्थकों से क्या बोले ट्रंप?
अपने भाषण में ट्रंप ने समर्थकों से चुनाव को बेहद अहम बताते हुए कहा कि वे ऐसा मानकर वोट करें जैसे वह खुद भी चुनावी बैलेट पर मौजूद हों। उन्होंने बार-बार दोहराया कि यह चुनाव अमेरिका के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होगा।
सर्वे में क्यों बढ़ी चिंता?
हालिया सर्वेक्षणों में ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है। महंगाई, बढ़ती कीमतें और ईरान से जुड़े विवादों को लेकर विपक्ष लगातार उनकी सरकार पर निशाना साध रहा है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 5,000 डॉलर वाला वादा मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीति हो सकता है।
ईरान और अर्थव्यवस्था पर भी बोले
ट्रंप ने अपने भाषण में ईरान के साथ जारी तनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका की सुरक्षा के लिए कुछ फैसले जरूरी थे। साथ ही दावा किया कि आने वाले समय में तेल और खाद्य पदार्थों की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है।
कांग्रेस चुनाव पर टिकी नजरें
नवंबर में होने वाले चुनाव रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। ऐसे में ट्रंप का 5,000 डॉलर वाला वादा अमेरिकी राजनीति में नई बहस छेड़ सकता है।
written by Siddhi Srivastava



