
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों से युवाओं को सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं से बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति से परेशान विदेशी ताकतें आधुनिक तकनीक और विदेशी फंडिंग का दुरुपयोग कर समाज में भ्रम, विद्वेष और अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रही हैं।
‘युवाओं को सोशल मीडिया के भ्रम से बचाना होगा’
डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा स्मार्टफोन, यूट्यूब और सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया को समझ रहे हैं। ऐसे में कई बार अपुष्ट और भ्रामक जानकारियां भी सच मान ली जाती हैं, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को सत्य और असत्य के बीच अंतर समझाएं और उन्हें प्रमाणिक स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित करें।
‘गूगल की हर जानकारी सही नहीं होती’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेट पर उपलब्ध हर जानकारी प्रमाणिक नहीं होती। इसलिए विद्यार्थियों को पुस्तकालयों, शोध सामग्री और संदर्भ ग्रंथों के अध्ययन की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही दिशा दिखाना भी उनकी जिम्मेदारी है।
AI और नई तकनीकों को अपनाने पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, 3डी प्रिंटिंग और रोबोटिक्स भविष्य की जरूरत हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत नए पाठ्यक्रम और डुअल डिग्री कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों से कक्षाओं को अधिक रोचक और व्यावहारिक बनाने की अपील की, ताकि छात्रों की पढ़ाई में रुचि बनी रहे।
‘विश्वविद्यालय बनें शोध और नवाचार के केंद्र’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री बांटने वाले संस्थान न बनें, बल्कि शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र के रूप में विकसित हों। उन्होंने भारतीय शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु का दायित्व विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उसे सही दिशा देना है।
कार्यक्रम में कुलपति आशु रानी, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद मौजूद रहे।



