
UP News:68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के समाधान की मांग को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन में अनवरत धरना दे रहे अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल के तीसरे दिन दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई।पुलिस प्रशासन ने एंबुलेंस बुलाकर अभ्यर्थी दीपक पटेल निवासी चित्रकूट अभ्यर्थी नसीम फरीदी निवासी बरेली को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों अभ्यर्थियों की जांच की।
तबीयत में सुधार है उन्हें रातभर चिकित्सकीय निगरानी में रखे जाने की जानकारी दी गई है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 59 दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने के कारण 26 अक्टूबर 2026 से भूख हड़ताल शुरू की गई है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को आरक्षित श्रेणी के अनुरूप मानते हुए परिणाम संशोधित किया जाए और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उनका कहना है कि इस प्रकरण में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा जारी आदेशों एवं संस्तुतियों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
तूफ़ान सिंह ने बताया कि विगत दिनों बेसिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रकरण पर चर्चा हुई थी। जिसमे मामले के समाधान के लिए कैबिनेट स्तर पर विचार और मुख्यमंत्री की मंजूरी की आवश्यकता बताई गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
आंदोलन की महिला मोर्चा प्रमुख रंजना जायसवाल ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। लगातार धरना-प्रदर्शन और अब भूख हड़ताल के कारण अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन और क्रमिक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने नवरात्रि और दशहरा धरना स्थल पर ही मनाया है। उनकी इच्छा है कि सरकार शीघ्र निर्णय लेकर उन्हें दीपावली अपने परिवारों के साथ मनाने का अवसर दे। वहीं, करवा चौथ के अवसर पर शादीशुदा अभ्यर्थी धरना स्थल से ही वीडियो कॉल के माध्यम से अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने की तैयारी किये हैं।
क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थी दीपक पटेल और नसीम फरीदी की सरकार से अपील है कि मामले का शीघ्र समाधान कर वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की जाए।



