Varansi News : भीषण गर्मी के बीच भी उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, काशी विश्वनाथ धाम में विशेष इंतजाम

Varansi News : वाराणसी में भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच काशी विश्वनाथ धाम में रोजाना डेढ़ लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने पेयजल, ओआरएस, मिस्ट फैन और मेडिकल सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं।

Varansi News : वाराणसी में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बावजूद बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार इन दिनों प्रतिदिन औसतन डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं। तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के कारण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

मंदिर न्यास द्वारा धाम परिसर में कई स्थानों पर आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध और ठंडा पेयजल मिल सके। जहां वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां बड़े मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। मंदिर कर्मी लगातार श्रद्धालुओं को गिलासों के माध्यम से पानी उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा ओआरएस और ग्लूकोज की भी व्यवस्था की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिल सके।

श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से बचाने के लिए पूरे धाम परिसर में उच्च गुणवत्ता की जूट मैट बिछाई गई है। दर्शन मार्ग पर छाया के लिए जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। वहीं, वातावरण को ठंडा बनाए रखने के लिए मिस्ट फैन भी लगाए गए हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए मंदिर परिसर में आरोग्य केंद्र, एंबुलेंस और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दोपहर के अत्यधिक गर्म समय में दर्शन के लिए आने से बचें और घर से पर्याप्त पानी व भोजन ग्रहण कर यात्रा शुरू करें। विशेष रूप से बुजुर्ग, अशक्त और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button