Stock Market: डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया, शेयर बाजार में भी लौटी तेजी

Stock Market: नवंबर में डॉलर के मुकाबले रुपये में अब तक 2.46 फीसदी की बढ़त, विदेशी निवेशकों की खरीदारी से शेयर बाजार को मिला सहारानवंबर में डॉलर के मुकाबले रुपये में अब तक 2.46 फीसदी की बढ़त, विदेशी निवेशकों की खरीदारी से शेयर बाजार को मिला सहारा

Stock Market: भारतीय मुद्रा और घरेलू शेयर बाजार के लिए नवंबर का महीना मजबूती लेकर आया है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति में सुधार हुआ है, वहीं शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी ने भी नौ महीने का उच्चतम स्तर छुआ है। विदेशी निवेशकों की भारतीय बाजार में बढ़ती खरीदारी को इस तेजी की प्रमुख वजहों में गिना जा रहा है।

शुक्रवार, 20 नवंबर को रुपया डॉलर के मुकाबले 92.68 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले 31 अक्टूबर को महीने के आखिरी कारोबारी दिन यह 94.96 रुपये प्रति डॉलर पर था। इस तरह नवंबर में अब तक भारतीय मुद्रा करीब 2.46 फीसदी मजबूत हुई है। यह पिछले सात महीने का इसका सबसे ऊंचा स्तर है। रुपये का मौजूदा प्रदर्शन पिछले आठ वर्षों में सबसे बेहतर मासिक बढ़त की ओर बढ़ रहा है। इससे पहले नवंबर 2018 में रुपये में 6.28 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई थी।

नौ महीने के शिखर पर सेंसेक्स और निफ्टी

मुद्रा बाजार के साथ घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 898 अंकों से अधिक की छलांग लगाकर 83,919.71 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी-50 बढ़कर 25,800.60 के स्तर पर पहुंच गया। दोनों सूचकांकों ने करीब नौ महीने के उच्चतम स्तर पर कारोबार समाप्त किया।

शेयर बाजार में यह तेजी लगातार चौथे सप्ताह भी जारी रही। पूरे सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में 2.85 फीसदी और निफ्टी में 2.61 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। पिछले चार सप्ताह की तेजी को छह वर्षों के दौरान की सबसे मजबूत चार-सप्ताह की बढ़त में शामिल किया जा रहा है।

इस दौरान बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में भी निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में सप्ताहभर में 6.72 फीसदी की तेजी आई। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने भी बाजार के प्रमुख सूचकांकों को मजबूती देने में योगदान किया।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को मिला सहारा

रुपये और शेयर बाजार में आई मजबूती के पीछे विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी एफआईआई की वापसी को अहम कारण माना जा रहा है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, 20 नवंबर तक समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 62,158 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। नवंबर के दौरान विदेशी निवेश का आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की बात कही जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले कई महीनों तक विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे थे। उनके रुख में आए बदलाव से बाजार में खरीदारी बढ़ी है और निवेशकों के भरोसे को भी सहारा मिला है।

वैश्विक बाजारों की हलचल का भी असर

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पूंजी के प्रवाह के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजारों की परिस्थितियों को भी एक वजह माना जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में दबाव के बीच कुछ विदेशी निवेशक दूसरे बाजारों में निवेश के अवसर तलाश रहे हैं। ऐसे में भारतीय शेयर बाजार की ओर भी पूंजी का रुख बढ़ा है।

इसके अलावा भारतीय कंपनियों के शेयरों के मौजूदा मूल्यांकन को भी कुछ निवेशक आकर्षक मान रहे हैं। विदेशी निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से शेयर बाजार को समर्थन मिला है। रुपये की मजबूती और शेयर बाजार में तेजी के मौजूदा रुझान के बीच आने वाले कारोबारी सत्रों में निवेशकों की नजर विदेशी पूंजी के प्रवाह और वैश्विक बाजारों की गतिविधियों पर बनी रहेगी।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button