
Parliament Winter Session: संसद के आगामी सत्र और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि सरकार संसद के शीतकालीन सत्र की तारीख और परिसीमन से जुड़ी अपनी योजना को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बना हुआ यह सस्पेंस या तो सरकार की उलझन को दर्शाता है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी रणनीति है।
जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश को अब तक यह जानकारी मिल जानी चाहिए थी कि संसद का शीतकालीन सत्र कब आयोजित होगा। उन्होंने सवाल किया कि यदि शीतकालीन सत्र बुलाया जाना है तो उसकी तारीख घोषित करने में देरी क्यों हो रही है? वहीं, यदि मानसून सत्र को दोबारा बुलाने की योजना है तो उसके बारे में भी सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी ध्यान दिलाया कि मानसून सत्र को अभी तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है।
परिसीमन के फॉर्मूले पर भी मांगा जवाब
कांग्रेस नेता ने परिसीमन को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कथित कोशिशों के बीच देश को यह जानने का अधिकार है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह परिसीमन को लेकर किस फॉर्मूले पर काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के पास इस संबंध में कोई स्पष्ट योजना है और यदि है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है।
जयराम रमेश ने बताईं दो संभावनाएं
जयराम रमेश ने अपने बयान में कहा कि संसद सत्र और परिसीमन को लेकर लगातार बना हुआ सस्पेंस दो संभावनाओं की ओर इशारा करता है। पहली यह कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह खुद असमंजस में हैं और अपने ही बयानों तथा दिखावे के जाल में उलझ गए हैं। दूसरी संभावना यह है कि इसके पीछे कोई खतरनाक साजिश तैयार की जा रही है।
उन्होंने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी के लिए तंज भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उनकी रणनीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जयराम रमेश ने यह भी आरोप लगाया कि संसद जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था पहले से कमजोर हो रही है और सरकार के रवैये से उसकी स्थिति और प्रभावित हो रही है।
पिछले साल 25 नवंबर से शुरू हुआ था शीतकालीन सत्र
संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर पिछले साल संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 5 नवंबर 2025 को जानकारी दी थी कि सत्र 25 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा। इस बार सत्र की तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा है।
फिलहाल संसद सत्र की तारीख और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित फॉर्मूले को लेकर कांग्रेस के सवालों पर केंद्र सरकार की ओर से जवाब का इंतजार है।
written by Siddhi Srivastava



