UP Politics : ‘सत्ता की चाबी नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलेंगे’, आगरा में बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद का बड़ा बयान

UP Politics : आगरा में बसपा नेता आकाश आनंद ने योगी सरकार, भाजपा, सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। 2027 चुनाव के लिए एत्मादपुर से सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित किया।

UP Politics : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने रविवार को आगरा के एत्मादपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार है और दो-दो उपमुख्यमंत्री हैं, लेकिन दस साल में किसी दलित नेता को यह जिम्मेदारी नहीं दी गई। उन्होंने दोनों उपमुख्यमंत्रियों को शोपीस करार दिया।

आकाश आनंद ने कहा कि बहुजन समाज पिछले 70 वर्षों से सत्ता में अपनी हिस्सेदारी का इंतजार कर रहा है। अब इंतजार खत्म हो चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “इस बार सत्ता की चाबी नहीं मिली तो लात मारकर दरवाजा खोलेंगे और सत्ता में बैठेंगे।”

एत्मादपुर के मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित सम्मेलन में आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी पर पीडीए के नाम पर राजनीतिक रंग बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा को पहचानने की जरूरत है। उनके मुताबिक, जिस पार्टी ने संसद में एससी-एसटी एक्ट में पदोन्नति से जुड़े प्रावधानों का विरोध किया, वह आज पीडीए की बात कर रही है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

आकाश आनंद ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े और मुस्लिम समाज के लोगों ने लंबे समय तक पार्टी को समर्थन दिया, लेकिन उन्हें अपेक्षित अधिकार और राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिली। उन्होंने आरक्षण, बैकलॉग के रिक्त पदों और पदोन्नति से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इन वर्गों को साथ लिया जाता है, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनकी समस्याओं को प्राथमिकता नहीं मिलती।

आगरा को राजनीति का अहम केंद्र बताया

बसपा संयोजक ने आगरा को पार्टी की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा को अयोध्या, समाजवादी पार्टी को इटावा और सैफई से लगाव है, जबकि बसपा को आगरा से विशेष मोहब्बत है। उन्होंने कहा कि आगरा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ दलित राजनीति का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

आकाश आनंद ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल का जिक्र करते हुए यमुना एक्सप्रेसवे का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि शाहजहां ने आगरा को ताजमहल दिया, जबकि मायावती ने ताजमहल तक पहुंचने का बेहतर रास्ता तैयार कराया। नोएडा से ग्रेटर नोएडा होते हुए आगरा तक बने यमुना एक्सप्रेसवे से पर्यटन, कारोबार और स्थानीय उद्योगों को लाभ मिला।

ता उद्योग की बदहाली का मुद्दा उठाया

आकाश आनंद ने आगरा के जूता उद्योग और कारीगरों की समस्याओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कभी आगरा के जूतों की देशभर में पहचान थी, लेकिन आज कई फैक्ट्रियां बंद पड़ी हैं और कारीगर रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मायावती सरकार के बाद शहर के विकास की रफ्तार धीमी पड़ गई। बसपा आगरा को दोबारा विकास की राह पर लाने का प्रयास करेगी।

रामगोपाल और अखिलेश से माफी की मांग

सपा के दलित सम्मेलन में प्रोफेसर रामगोपाल यादव की कथित टिप्पणी पर भी आकाश आनंद ने नाराजगी जताई। उन्होंने रामगोपाल यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से पूरे दलित समाज से माफी मांगने की मांग की। चौधरी चरण सिंह परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।

छह दिसंबर को लखनऊ पहुंचने की अपील

आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से छह दिसंबर को लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस दिन बसपा प्रमुख मायावती लखनऊ में लोगों के बीच अपना संदेश रखेंगी। उन्होंने गांव, कस्बे और सेक्टर स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने की अपील की।

2027 चुनाव के लिए सर्वेश बघेल को बनाया प्रत्याशी

सम्मेलन के दौरान आकाश आनंद ने एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रभारी सर्वेश बघेल को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी के अभियान का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने सर्वेश बघेल को क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का निर्देश दिया।

जनसभा में आकाश आनंद के लिए मायावती की सभाओं जैसा प्रोटोकॉल भी देखने को मिला। मंच की पहली पंक्ति में उनके लिए अलग सोफे की व्यवस्था की गई थी, जबकि अन्य पदाधिकारियों और अतिथियों के लिए पीछे कुर्सियां लगाई गई थीं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने से एत्मादपुर हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

Show More

Related Articles

Back to top button