
UP Mock Drill : युद्ध, हवाई हमले और अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा तथा राहत-बचाव की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइंस में एयर रेड-ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई इस मॉक ड्रिल में बम धमाके, आगजनी, इमारत ढहने, मलबे में लोगों के दबने, जहरीली गैस और रेडिएशन जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया।
नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, यूपी पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, स्वास्थ्य विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा कभी बताकर नहीं आती। इसलिए संकट आने के बाद तैयारी शुरू करने के बजाय पहले से ही नागरिकों को प्रशिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संकट के समय एक जागरूक और प्रशिक्षित नागरिक फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाकर कई लोगों की जान बचा सकता है।
ब्लैकआउट और हवाई हमले के अलर्ट से शुरू हुई मॉक ड्रिल
मॉक एक्सरसाइज की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी और ब्लैकआउट से हुई। अचानक सायरन बजने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद बम धमाकों की आवाज, आगजनी और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने का दृश्य तैयार किया गया।
अभ्यास में नागरिकों को हवाई हमले के दौरान जमीन पर पेट के बल लेटकर कान और आंखों को ढकने तथा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का तरीका बताया गया। लोगों को नजदीकी सुरक्षित शेल्टर और भवनों के बेसमेंट में पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ब्लैकआउट का उद्देश्य दुश्मन के विमानों को अंधेरे में रिहायशी इलाकों की पहचान करने से रोकना है।
हवाई हमले का खतरा समाप्त होने का ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया।
आग बुझाने से लेकर घायलों को बचाने तक का प्रदर्शन
मॉक ड्रिल में अलग-अलग परिस्थितियों में आग बुझाने के तरीके भी दिखाए गए। लकड़ियों में लगी आग को वाटर टाइप अग्निशमन यंत्र से बुझाया गया, जबकि पेट्रोल के टैंकर में लगी आग को भीगे कंबल से ढककर नियंत्रित करने का अभ्यास किया गया। रासायनिक पदार्थों में लगी आग पर फोम टाइप एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल दिखाया गया।
नागरिक सुरक्षा के लखनऊ चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा ने फायर सूट पहनकर धुएं से भरे क्षेत्र में प्रवेश किया और वहां फंसे घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर सर्विस की टीम ने फायर टेंडर और होज पाइप की मदद से बड़ी आग बुझाने का अभ्यास किया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ह्यूमन क्रैडल, टू-हैंडेड सीट, मानवीय बैसाखी और पीठ पर उठाकर ले जाने जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। स्वयंसेवकों ने दो बांस और मोटे कपड़े की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर भी तैयार किया। सिर में चोट लगने से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कैंप तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए अपनाई गई चेयर नॉट तकनीक
अभ्यास के दौरान बम धमाके से इमारत का हिस्सा ढहने और लोगों के मलबे में फंसने का दृश्य तैयार किया गया। पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे लोगों को निकालने के लिए अलग-अलग तकनीकों का प्रदर्शन हुआ।
जाल और मोटे कपड़े की मदद से बच्चे को ऊंचाई से नीचे उतारा गया। वहीं, घायल व्यक्ति को रस्सी के सहारे नीचे लाने के लिए चेयर नॉट तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा लॉक हुई कार में फंसे व्यक्ति को शीशा तोड़कर बाहर निकालने और सांस तथा नाड़ी नहीं चलने की स्थिति में सीपीआर देने का अभ्यास भी किया गया।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने मलबे में दबे लोगों की तलाश की
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डायल-112, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। घटनास्थल को सुरक्षित करने के बाद कमांड पोस्ट, कम्युनिकेशन पोस्ट, स्टेजिंग एरिया और मेडिकल पोस्ट स्थापित किए गए।
एनडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे लोगों को तलाशने के लिए तीन तरह की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इनमें फिजिकल सर्च, कैनाइन सर्च और टेक्निकल सर्च शामिल रहे। प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने मलबे में दबे लोगों की मौजूदगी का पता लगाने का अभ्यास किया।
टेक्निकल सर्च के दौरान विक्टिम लोकेशन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा और एकॉस्टिक सिस्मिक सेंसर की उपयोगिता बताई गई। इसके बाद कटिंग उपकरणों की मदद से मलबे में रास्ता बनाकर पीड़ितों को बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया।
घायलों को रेड, यलो, ग्रीन और ब्लैक जोन में बांटा
बड़ी दुर्घटना में एक साथ कई लोगों के घायल होने की स्थिति से निपटने के लिए ट्रायज प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें घायलों की स्थिति के आधार पर अलग-अलग रंगों के टैग लगाए गए।
- रेड टैग: तत्काल उपचार की जरूरत वाले गंभीर घायल।
- यलो टैग: गंभीर घायल, जिनका उपचार कुछ समय बाद किया जा सकता है।
- ग्रीन टैग: मामूली चोट वाले और चलने-फिरने में सक्षम लोग।
- ब्लैक टैग: मृत व्यक्ति या ऐसे मामले जिनमें बचने की संभावना नहीं हो।
इस प्रक्रिया के जरिए गंभीर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।
जहरीली गैस और रेडिएशन से बचाव का भी अभ्यास
मॉक ड्रिल में केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (सीबीआरएन) आपात स्थितियों से निपटने का विशेष प्रदर्शन किया गया। इसके तहत रिहायशी इलाके में जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने का परिदृश्य तैयार किया गया।
एनडीआरएफ की विशेष टीम ने गैस मास्क, ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट, ग्लव्स और गमबूट सहित सुरक्षा उपकरण पहनकर प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश किया। गैस डिटेक्टर, पर्सनल डोजीमीटर और केमिकल डिटेक्शन पेपर से खतरनाक पदार्थों की पहचान करने की प्रक्रिया दिखाई गई।
प्रभावित क्षेत्र को हॉट, वार्म और कोल्ड जोन में बांटा गया। इसके बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और डीकंटैमिनेशन यानी शुद्धिकरण की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
यूपी के 60 जिलों में गठित हुआ नागरिक सुरक्षा संगठन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन किया गया था। हालांकि, उत्तर प्रदेश में 2017 तक यह संगठन कुछ गिने-चुने जिलों तक ही सीमित था।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सामने आई परिस्थितियों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। अब तक 60 जिलों में संगठन का गठन हो चुका है। इन सभी जिलों में हेड सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं।
एक लाख से अधिक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक तैयार
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,01,362 स्वयंसेवक नागरिक सुरक्षा अभियान से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा 1,08,627 नागरिकों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक आपात परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था की अतिरिक्त ताकत बनेंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी जिला, गांव या नगर निकाय आपदा प्रबंधन की व्यवस्था से अछूता न रहे।
संकट आने पर कुआं नहीं खोदा जाता: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल केवल औपचारिक अभ्यास नहीं, बल्कि आपदा से निपटने की तैयारियों की वास्तविक परीक्षा है। इससे व्यवस्था की कमियों का पता चलता है और उनमें सुधार करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि लखनऊ की तरह प्रदेश के सभी जिलों में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकी घटनाओं और युद्ध जैसी परिस्थितियों के लिए अलग-अलग अभ्यास होने चाहिए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा आने के बाद तैयारी शुरू करने का कोई मतलब नहीं है। संकट के समय कुआं नहीं खोदा जाता। इसलिए प्यास लगने से पहले ही तैयारी होनी चाहिए। सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करके जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।
इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, अमरीश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



