
सोनभद्र। बिजली विभाग द्वारा लगाये गए स्मार्ट मीटर के खिलाफ सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना मांग पत्र सौंपा।
इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के संयोजक सन्दीप मिश्रा ने कहा कि केन्द्र सरकार 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन देकर पेट भरने का काम कर रही है तो वही दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर लगाकर बिजली उपभोक्ताओं किसान व गरीब परिवारों का शोषण किया जा रहा है। केन्द्र व प्रदेश सरकार पुरानी मीटर व्यवस्था को लागू करते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पूरी तरह बंद करने की मांग उठाई।
मोर्चा के नेता संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रहे हैं और इसे “ऐजुकेटेड जेबकतरों की स्कीम” बताया। प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की निष्पक्ष जांच कराने, साथ ही संबंधित अधिकारियोंजूनियर इंजीनियर , उपखंड अधिकारी और अधिशासी अभियंता की जांच की भी मांग किया।
इसके अलावा किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद सभी केंद्रों पर तत्काल शुरू कराई जाए, ताकि किसानों को परेशान न होना पड़े। मोर्चा का आरोप है कि कई जगहों पर उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो अनुचित है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मीटरों को तत्काल हटाया जाए। इन सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से बिन्दु प्रसाद खरवार, मुखलाल चेरो, नगेंद्र धनगर, प्रमोद तिर्की, आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिन्द, विवेक जाटव, धीरज कनौजिया, बिक्की पटेल, धीरेन्द्र मौर्य, सर्वेश तिवारी, अनिश पासवान, राहुल विश्वकर्मा, संजय बियार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- रवि पाण्डेय
सोनभद्र


