
UP Crime News: कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर इस वारदात की सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शशि रंजन मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है। घटना किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दोनों बच्चियों के शव कमरे में पड़े मिले और आसपास खून फैला हुआ था। हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी मौके से बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले परिवार के अन्य सदस्यों को नींद की गोलियां दे दी थीं, जिससे पत्नी और छोटा बेटा दूसरे कमरे में गहरी नींद में सोते रहे। इसके बाद उसने एक-एक कर दोनों बेटियों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी कई घंटों तक शवों के पास बैठा रहा और बाद में पुलिस को सूचना दी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी वजह से उसने घर में प्रवेश द्वार, किचन और बेडरूम सहित कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। पत्नी के अनुसार, शादी के कुछ साल बाद से ही आरोपी का व्यवहार आक्रामक हो गया था और वह अक्सर विवाद करता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने न केवल परिवार को तोड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल पैदा कर दिया है।
Written By: Kalpana Pandey



