
Worker Accident Lucknow- राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां टेंडर के काम के बीच मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ‘चेक इन’ नाम की एक एडवरटाइजिंग एजेंसी द्वारा स्टेशन परिसर में दीवारों पर प्रचार कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान देर रात बांस का भाड़ा (मचान) तैयार करते समय दो मजदूर अचानक ऊंचाई से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय मौके पर न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद था। यहां तक कि Government Railway Police (GRP) का भी कोई कर्मी आसपास दिखाई नहीं दिया, जिससे सवाल उठता है कि अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता, तो जिम्मेदारी कौन लेता?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी टेंडर के नाम पर सिर्फ मुनाफे पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि मजदूरों की जान को खतरे में डाला जा रहा है। बिना सुरक्षा उपकरणों और उचित व्यवस्था के काम कराना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की भी अनदेखी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या टेंडर और मुनाफे के आगे उनकी जिंदगी की कोई कीमत नहीं?


