UP News : ‘उन्होंने माफिया बनाये, हमने मेडिकल कॉलेज’, आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में योगी ने पिछली सरकारों पर कसा तंज

UP News : मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल का लोकार्पण करते हुए कहा कि यूपी आज विश्वास का प्रतीक बन गया है।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने शनिवार को आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब समाज, सरकार और संस्थाएं एक दिशा में मिलकर काम करती हैं तो उसका परिणाम विश्वास के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश में विश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है और यह विश्वास ही प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है। हर व्यक्ति को बेहतर, सस्ती और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यथार्थ ग्रुप द्वारा स्थापित यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी निवेश को भी प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में बीते वर्षों में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। हाईवे, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, नई रेलवे लाइनें और आधुनिक तकनीक से देश की तस्वीर बदल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जब समाज और निजी क्षेत्र भी इसमें भागीदारी करते हैं तो परिणाम कई गुना बेहतर होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार निजी क्षेत्र के सहयोग से सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने यथार्थ ग्रुप से भी प्रदेश के किसी जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है। IIT Kanpur और Sanjay Gandhi Postgraduate Institute of Medical Sciences, लखनऊ में मेडटेक के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा ललितपुर में लगभग 1500 एकड़ में फार्मा पार्क और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में टेलीमेडिसिन जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 80 से अधिक हो गई है। साथ ही गोरखपुर और रायबरेली में All India Institute of Medical Sciences (एम्स) संचालित हो रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की Ayushman Bharat योजना के तहत प्रदेश में 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही यह संख्या 10 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के प्रत्येक जिले में मुफ्त डायलिसिस और सीटी स्कैन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाना है, ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर मिलें और लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज भी उपलब्ध हो सके।

Show More

Related Articles

Back to top button