
UP/Sonbhadra News:उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह अचानक हंगामे में बदल गया। म्योरपुर थाना क्षेत्र में जयमाला के दौरान दूल्हे की हरकतों ने ऐसा मोड़ ले लिया कि दुल्हन ने मौके पर ही शादी से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के करौटी गांव से बारात म्योरपुर पहुंची थी। शुरुआत में सभी रस्में हंसी-खुशी पूरी हो रही थीं। बारातियों का भव्य स्वागत किया गया और द्वारपूजा भी किसी तरह संपन्न हो गई। लेकिन जैसे ही जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ, माहौल अचानक बदल गया।
मंच पर पहुंचते ही दूल्हा लड़खड़ाने लगा। कुछ पल खुद को संभालने की कोशिश के बाद वह अचानक मुंह के बल गिर पड़ा। पहले तो परिजनों ने इसे थकान समझा, लेकिन जब वह बार-बार गिरने लगा और उसके मुंह से शराब की तेज गंध आने लगी, तब सच्चाई सामने आई।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब दूल्हा नशे में ही मंच पर अनर्गल बातें करने लगा और मेहमानों के साथ बदसलूकी करने लगा। यह सब देखकर दुल्हन ने तत्काल बड़ा फैसला लेते हुए शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन का साफ कहना था कि जो व्यक्ति अपने जीवन के सबसे अहम दिन पर खुद पर नियंत्रण नहीं रख सकता, वह भविष्य में जिम्मेदारियां कैसे निभाएगा। परिवार ने भी उसके इस फैसले का पूरा समर्थन किया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया। दुल्हन पक्ष ने दहेज में दिए गए 3 लाख रुपये और अन्य सामान की वापसी की मांग की। देर रात तक पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में बातचीत चलती रही।
आखिरकार दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसमें दूल्हा पक्ष ने 40 दिनों के भीतर 3 लाख रुपये लौटाने की बात मान ली। इसके बाद बिना फेरे लिए ही बारात को वापस लौटना पड़ा।
यह घटना समाज में एक मजबूत संदेश देती है कि अब लड़कियां गलत व्यवहार को सहने के बजाय अपने सम्मान और अधिकारों के लिए खुलकर फैसले ले रही हैं।
Written By: Anushri Yadav



