Lansdowne Accident: लैंसडाउन के पास दर्दनाक दुर्घटना, छह महिलाओं समेत सात की गई जान

Lansdowne Accident: पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी गांव के पास गहरी खाई में गिरा वाहन

Lansdowne Accident:  उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लैंसडाउन क्षेत्र के रिखणीखाल ब्लॉक में कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में छह महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। यह हादसा रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी के पास हुआ। पहाड़ी रास्ते से गुजरते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान भी चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति खाई में फंसा न रह गया हो।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी क्षेत्र में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को उपचार और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

विधायक दलीप रावत ने भी जताया दुख

लैंसडाउन के विधायक दलीप रावत ने भी रिखणीखाल में हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर बताया कि विकासखंड रिखणीखाल के ग्राम कलवाड़ी के नजदीक मैक्स वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों के हताहत होने का दुखद समाचार मिला है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की कामना की।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button