
X Parental Controls: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैरेंटल कंट्रोल्स की सुविधा शुरू की है। इस फीचर के जरिए माता-पिता और अभिभावक अपने बच्चों के अकाउंट की कुछ अहम सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे। वे यह तय कर पाएंगे कि बच्चे को किस तरह का कंटेंट दिखाई दे, कौन उसे मैसेज भेज सके और वह रोजाना कितनी देर तक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करे। हालांकि, इस सुविधा में किशोरों की निजता का भी ध्यान रखा गया है। माता-पिता न तो उनके निजी संदेश पढ़ सकेंगे और न ही उनकी सर्च या देखे गए कंटेंट की हिस्ट्री तक पहुंच पाएंगे।
X के आधिकारिक सेफ्टी अकाउंट ने एक पोस्ट के जरिए इस नए फीचर की जानकारी दी है। यह सुविधा 13 से 17 वर्ष की उम्र के किशोरों के अकाउंट के लिए है। इसके तहत माता-पिता अपने X अकाउंट को बच्चे के अकाउंट से लिंक कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें कुछ सुरक्षा और प्राइवेसी सेटिंग्स को मैनेज करने का अधिकार मिलेगा। हालांकि, अकाउंट का स्वामित्व और मुख्य नियंत्रण किशोर के पास ही रहेगा। माता-पिता की ओर से किए गए बदलावों की जानकारी भी बच्चे को दिखाई देगी।
कैसे काम करेगा नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर?
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए माता-पिता या अभिभावक को पहले अपने X अकाउंट में पैरेंटल कंट्रोल्स विकल्प खोलना होगा। वहां से वे अकाउंट लिंक करने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। इसके बाद प्लेटफॉर्म एक क्यूआर कोड या लिंक उपलब्ध कराएगा, जिसे किशोर अपने अकाउंट से खोलकर अनुरोध स्वीकार या अस्वीकार कर सकता है।
अकाउंट तभी लिंक होगा, जब माता-पिता और किशोर दोनों की सहमति होगी। यानी अभिभावक बच्चे की अनुमति के बिना उसके अकाउंट पर निगरानी शुरू नहीं कर सकेंगे। एक बार लिंक होने के बाद माता-पिता की ओर से बदली गई सेटिंग्स और उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड बच्चे को भी दिखाई देगा।
कंटेंट और वीडियो पर रख सकेंगे नियंत्रण
X के नए फीचर में कंटेंट से जुड़ी कई सुविधाएं दी गई हैं। माता-पिता अपने बच्चों की ‘For You’ फीड में आने वाले सुझावों और वीडियो को उन अकाउंट्स तक सीमित कर सकते हैं, जिन्हें बच्चा पहले से फॉलो करता है। इसके अलावा संवेदनशील मीडिया को बंद करने और कुछ खास शब्दों को फिल्टर करने का विकल्प भी मिलेगा।
इससे माता-पिता बच्चों की फीड में आने वाली सामग्री को सीमित कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध विकल्पों के जरिए वे यह भी तय कर पाएंगे कि बच्चे को किस तरह की सामग्री से दूर रखा जाए।
नए फॉलोअर्स की मंजूरी भी माता-पिता के हाथ में
इस फीचर के तहत माता-पिता नए फॉलोअर रिक्वेस्ट को स्वीकार या अस्वीकार कर सकेंगे। इस विकल्प को सक्रिय करने पर किशोर का अकाउंट प्रोटेक्टेड यानी निजी हो जाएगा। इसके बाद कोई नया यूजर बिना मंजूरी के बच्चे को फॉलो नहीं कर सकेगा।
इसके अलावा माता-पिता मैसेज से जुड़ी सेटिंग्स भी नियंत्रित कर सकते हैं। वे यह तय कर सकेंगे कि बच्चे को केवल उसके फॉलो किए गए अकाउंट्स, वेरिफाइड अकाउंट्स या सभी यूजर्स में से कौन मैसेज भेज सकता है। अभिभावक यह भी देख सकेंगे कि बच्चे ने किन अकाउंट्स के साथ निजी बातचीत की है, लेकिन बातचीत का वास्तविक मैसेज नहीं पढ़ पाएंगे।
स्क्रीन टाइम की जानकारी और रोजाना की सीमा तय करने का विकल्प
बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को सीमित करने के लिए X ने स्क्रीन टाइम कंट्रोल भी दिया है। माता-पिता पिछले सात दिनों में बच्चे ने प्लेटफॉर्म पर कितना समय बिताया, इसकी जानकारी देख सकेंगे। इसके साथ ही वे रोजाना इस्तेमाल की समय सीमा भी निर्धारित कर सकते हैं।
X के आधिकारिक सहायता पेज के मुताबिक, समय सीमा 15 मिनट के अंतराल में तय की जा सकती है। तय सीमा पूरी होने के बाद किशोर उस दिन के बाकी समय के लिए X का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। यह सीमा बच्चे के स्थानीय समय के अनुसार रात 12 बजे रीसेट होती है।
निजी मैसेज और सर्च हिस्ट्री नहीं देख पाएंगे माता-पिता
नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर में माता-पिता को कुछ अधिकार दिए गए हैं, लेकिन बच्चों की निजी गतिविधियों तक पूरी पहुंच नहीं मिलेगी। वे बच्चे के डायरेक्ट मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे। इसके अलावा यह भी नहीं देख पाएंगे कि बच्चे ने क्या सर्च किया है या कौन-सी पोस्ट और वीडियो देखी हैं।
अभिभावक बच्चे के अकाउंट में लॉग इन नहीं कर सकेंगे और न ही उसकी ओर से पोस्ट, रिप्लाई या लाइक कर पाएंगे। पासवर्ड बदलने का अधिकार भी उन्हें नहीं मिलेगा। इस तरह X ने निगरानी और किशोरों की निजी स्वतंत्रता के बीच संतुलन रखने की कोशिश की है।
एक अभिभावक पांच किशोरों के अकाउंट कर सकेगा लिंक
X के नियमों के अनुसार, एक माता-पिता या अभिभावक अधिकतम पांच किशोरों के अकाउंट अपने साथ जोड़ सकते हैं। हालांकि, एक किशोर का अकाउंट एक समय में केवल एक ही अभिभावक से लिंक किया जा सकेगा। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए माता-पिता की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और किशोर की उम्र 13 से 17 साल के बीच होनी चाहिए।
किशोर चाहे तो पैरेंटल सुपरविजन खत्म करने का अनुरोध भी कर सकता है। इस अनुरोध पर माता-पिता या अभिभावक फैसला करेंगे। किशोर के 18 साल का होने पर निगरानी की यह व्यवस्था अपने आप समाप्त हो जाती है।
पहले से भी मिलती हैं कुछ सुरक्षा सुविधाएं
X पर किशोरों के अकाउंट के लिए कुछ सुरक्षा व्यवस्थाएं पहले से मौजूद हैं। इनमें प्रोटेक्टेड अकाउंट, संवेदनशील मीडिया पर रोक और टारगेटेड विज्ञापनों को सीमित करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने के लिए सामान्य तौर पर न्यूनतम उम्र 13 साल निर्धारित है, हालांकि कुछ देशों में स्थानीय कानूनों के कारण उम्र की सीमा अधिक हो सकती है।
नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर इन मौजूदा व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाता है। इसके जरिए माता-पिता बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर नजर रखने के साथ उनकी ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी कुछ अहम सेटिंग्स भी संभाल सकेंगे।
written by Siddhi Srivastava


