
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे अभियान ने गति पकड़ ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक प्रदेश में 23.16 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई जा चुकी है। इसके साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए 2.82 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की गई हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रशासनिक विभागों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से यह अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह पर रोक लगाने के साथ बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है। सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा स्वावलंबन को भी इस मुहिम का प्रमुख आधार बनाया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, बाल विवाह से जुड़े कुछ संकेतकों पर उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशों के तहत महिला कल्याण विभाग अभियान का समन्वय कर रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को भी नामित किया गया है। ग्राम पंचायतों की मदद से तय मानकों के आधार पर गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
21 दिसंबर तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति के मुताबिक, 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक अभियान के तीनों विषयगत क्षेत्रों में एक साथ गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, परिवारों से सीधा संवाद और धार्मिक व सामुदायिक नेतृत्व की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सामूहिक विवाह आयोजनों में निर्धारित मानकों का पालन कराने, संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। हेल्पलाइन पर दूसरे राज्यों से जुड़े बाल विवाह के मामलों की सूचनाएं भी मिल रही हैं। ऐसे मामलों में महिला कल्याण विभाग संबंधित राज्यों और जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सभी जिलों में हुए कार्यक्रम
बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों के दौरान सामूहिक शपथ और संवाद के माध्यम से बाल विवाह रोकने तथा बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। नागरिकों से भी अपील की गई कि यदि कहीं बाल विवाह होने की आशंका हो या इसकी जानकारी मिले, तो तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें।
इन नंबरों पर दे सकते हैं बाल विवाह की सूचना
बाल विवाह से जुड़ी किसी भी आशंका या घटना की जानकारी देने के लिए नागरिक चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क कर सकते हैं। समय पर सूचना मिलने से संबंधित अधिकारियों को हस्तक्षेप करने और जरूरी सहायता पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
तीन चरणों में चलाया जा रहा है अभियान
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत तीन चरणों में 100-100 दिनों के अभियान चलाए जा रहे हैं। पहले चरण में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूक किया गया।
दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थानों और विवाह सेवा से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ा गया। तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के जरिए स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। उत्तर प्रदेश में भी इसी क्रम में विभागीय समन्वय और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के प्रयास जारी हैं।
written by Siddhi Srivastava



