
Lucknow News : तकनीक ने जीवन को आसान बनाने के साथ ही कामकाज के तौर-तरीकों में व्यापक बदलाव किया है, लेकिन इसके इस्तेमाल में निजता और सुरक्षा के अधिकारों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। किसी भी व्यक्ति की अनुमति के बिना उसके निजी डेटा का इस्तेमाल करना अपराध की श्रेणी में आता है। तकनीक का उपयोग मानव हित में होना चाहिए, न कि मनुष्य तकनीक पर निर्भर होकर रह जाए। यह बात इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला ने कही। वह गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
संस्थान में संविधान दिवस के अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, समूह परिचर्चा और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी और अपर निदेशक संजीव सुमन ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत और सम्मान किया।
निजता के अधिकार का सम्मान जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है। आज लगभग हर क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि तकनीक हमारे जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तकनीकी हमारे लिए है, हम तकनीकी के लिए नहीं हैं।
उन्होंने निजता के अधिकार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के निजी डेटा का उपयोग उसकी अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता। डिजिटल माध्यमों पर व्यक्तिगत जानकारियों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता भी जरूरी हो गई है।
फॉरेंसिक साइंस से न्याय प्रक्रिया को मिलती है मजबूती
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने संस्थान की विकास यात्रा और यहां संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला के आगमन को संस्थान के लिए सुखद अवसर बताते हुए कहा कि संस्थान ने सभी के सहयोग से निरंतर प्रगति की है।
डॉ. गोस्वामी ने बताया कि संस्थान ने देश के 30 से अधिक महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे संस्थान के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक, शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक साइंस का मूल उद्देश्य वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्यों और तथ्यों को सामने लाकर न्याय प्रक्रिया को मजबूत बनाना है। वैज्ञानिक जांच के माध्यम से सच्चाई को कानून के समक्ष प्रस्तुत करना और न्याय दिलाने में सहयोग करना संस्थान की प्रमुख भूमिका है।
नुक्कड़ नाटक ‘देखोगे तो दिखेगा’ से साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण साइबर अपराधों पर आधारित नुक्कड़ नाटक ‘देखोगे तो दिखेगा’ रहा। संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार तिवारी और डॉ. सपना शर्मा के निर्देशन एवं प्रयासों से तैयार इस नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं और उनसे बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों और संस्थान के सदस्यों ने प्रस्तुति की सराहना की।
डीएनए और ड्रोन लैब का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला ने संस्थान में स्थापित डीएनए लैब और ड्रोन लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं और प्रयोगशाला में किए जा रहे कार्यों की बारीकियों को समझा।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के अपर निदेशक संजीव सुमन ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अधिकारियों, अतिथियों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव मुखर्जी, अतुल यादव, डॉ. सपना शर्मा, डॉ. शाश्या मिश्र, सेंथिल शिव सुब्रमण्यम, जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार तिवारी, आरआई शैलेन्द्र सिंह सहित संस्थान के शैक्षणिक संवर्ग के संकाय सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



