
UP Board Compartment Result 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल कम्पार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। रिजल्ट सामने आने के बाद परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राएं अपना परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
हाईस्कूल कम्पार्टमेंट एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षा में इस बार 98.95 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में 79.29 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
हाईस्कूल में 19,191 परीक्षार्थी सफल
हाईस्कूल की परीक्षा के लिए कुल 20,855 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 15,705 छात्र और 5,150 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में कुल 19,394 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
परिणाम में कुल 19,191 परीक्षार्थी सफल हुए। इनमें 14,456 छात्र और 4,735 छात्राएं शामिल हैं। हाईस्कूल में छात्रों का सफलता प्रतिशत 98.91 फीसदी, जबकि छात्राओं का 99.10 फीसदी रहा।
इंटरमीडिएट में 16,286 को मिली सफलता
इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए कुल 21,227 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 11,256 छात्र और 9,971 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में 20,540 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।
इनमें से 16,286 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। सफल विद्यार्थियों में 8,388 छात्र और 7,898 छात्राएं शामिल हैं। इंटरमीडिएट में छात्रों का सफलता प्रतिशत 77.39 फीसदी रहा, जबकि छात्राओं ने 81.41 फीसदी सफलता हासिल की।
दोनों कक्षाओं में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर
यूपी बोर्ड के जारी आंकड़ों के मुताबिक, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में छात्राओं ने सफलता प्रतिशत के मामले में छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल में जहां छात्राओं का पास प्रतिशत 99.10 रहा, वहीं इंटरमीडिएट में 81.41 फीसदी छात्राएं सफल हुईं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, दोनों परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखकर आगे की शैक्षिक प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
परीक्षार्थी यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए रोल नंबर समेत मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी। परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होने के बाद छात्र इसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।



