
Kanpur Express Train : कानपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भारतीय रेलवे ने नई दैनिक ट्रेन ‘कानपुर एक्सप्रेस’ शुरू की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने 16 नवंबर 2026 को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेगी। इससे दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
नई कानपुर एक्सप्रेस 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन में आधुनिक LHB तकनीक के 22 कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन अपने मार्ग में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों को जोड़ेगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और कामगारों को भी फायदा मिलेगा।
औद्योगिक और शैक्षिक केंद्रों को मिलेगा सीधा रेल संपर्क
नई ट्रेन सेवा उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा और शैक्षिक केंद्र कानपुर को दिल्ली के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांजिट हब आनंद विहार टर्मिनल से सीधे जोड़ेगी। इसके शुरू होने से कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।
इस ट्रेन से इटावा के कृषि क्षेत्र, फफूंद के आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों, फिरोजाबाद के कांच उद्योग, हाथरस के हींग और कृषि आधारित उद्योगों तथा अलीगढ़ के ताला उद्योग को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, खुर्जा के सिरेमिक और पॉटरी उद्योग तथा दादरी और गाजियाबाद के औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
16 किलोमीटर का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनेगा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर की रेलवे से जुड़ी एक बड़ी समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित परियोजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से कानपुर के लोगों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। रेल मंत्री के मुताबिक, परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और आवश्यक मंजूरियां भी मिल गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर 1 घंटा 45 मिनट में
अश्विनी वैष्णव ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नॉर्थ कॉरिडोर को भी कानपुर के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। इसके आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तार की योजना बताई गई है।
रेल मंत्री के अनुसार, इस परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर की यात्रा लगभग 1 घंटा 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। वहीं, लखनऊ से कानपुर का सफर करीब 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज की यात्रा लगभग 1 घंटा 15 मिनट में पूरी होने का अनुमान है।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन का भी हो रहा पुनर्विकास
रेल मंत्री ने बताया कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में शहर में रेलवे बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए कई अन्य परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी।
इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर की खोई हुई गरिमा को बहाल करने का संकल्प अब धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा और अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई।
कार्यक्रम में कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नई कानपुर एक्सप्रेस की शुरुआत से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ क्षेत्रीय व्यापार, उद्योग और यात्रियों की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



