Thalapathy Vijay Jana Nayagan Karnataka Protest: कावेरी विवाद की चपेट में आई Thalapathy Vijay की ‘जन नायकन’, कर्नाटक में कई शो रद्द

विरोध-प्रदर्शन के बीच थिएटरों से हटाए गए पोस्टर, पुलिस की सलाह पर कई जगह स्क्रीनिंग रोकी गई

Thalapathy Vijay Jana Nayagan Karnataka Protest: तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की बहुचर्चित फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ एक बड़े विवाद की वजह से भी सुर्खियों में है। कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच लंबे समय से चले आ रहे कावेरी नदी जल विवाद का असर अब फिल्म पर भी देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन तेज होने के बाद कर्नाटक के अनेक थिएटरों ने फिल्म की स्क्रीनिंग एहतियातन रोक दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 जुलाई को रिलीज हुई ‘जन नायकन’ कर्नाटक के करीब 125 से 150 सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई थी। इनमें 75 से अधिक सिंगल स्क्रीन थिएटर और लगभग 50 मल्टीप्लेक्स स्क्रीन शामिल थीं। हालांकि, कावेरी जल बंटवारे को लेकर विरोध बढ़ने के बाद कई थिएटर मालिकों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए स्वेच्छा से फिल्म के शो रद्द करने का फैसला लिया।

बेंगलुरु के उर्वशी थिएटर में पुलिस की सलाह के बाद ‘जन नायकन’ की स्क्रीनिंग रोक दी गई। थिएटर प्रबंधन ने अभिनेता थलपति विजय के पोस्टर, बैनर और कटआउट भी हटा दिए। निर्धारित शो की जगह कन्नड़ फिल्म ‘करावली’ का प्रदर्शन किया गया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए थिएटर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

कावेरी जल विवाद को लेकर कर्नाटक के कई जिलों, खासकर मांड्या में कन्नड़ समर्थक संगठनों और किसान संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर ‘जन नायकन’ के प्रचार बैनर हटाए और फिल्म के विरोध में नारेबाजी की। उनका कहना है कि तमिलनाडु को कावेरी का पानी छोड़ने के मुद्दे पर राज्य की भावनाओं की अनदेखी नहीं की जा सकती।

स्टालिन ने संभाली तमिलनाडु की कमान, ली सीएम पद की शपथ, मंत्रिमंडल में हुए ये 33 मंत्री शामिल

हालांकि, यह विरोध फिल्म की कहानी या कलाकारों के खिलाफ नहीं, बल्कि कावेरी जल विवाद की पृष्ठभूमि में पैदा हुए राजनीतिक और सामाजिक तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके बावजूद इसका सीधा असर फिल्म की कमाई और प्रदर्शन पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी थिएटर मालिकों और संबंधित पक्षों के साथ बैठक बुलाई है, ताकि स्थिति की समीक्षा की जा सके और आगे की रणनीति तय की जा सके।

फिलहाल कर्नाटक में हालात सामान्य होने तक कई थिएटर एहतियात के तौर पर फिल्म का प्रदर्शन टाल रहे हैं। वहीं, थलपति विजय या फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button