
Live Heart Transport : भारतीय रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जीवित हृदय (Live Heart) का सफलतापूर्वक परिवहन किया। यह जीवनरक्षक मिशन सूरत से अहमदाबाद के बीच संचालित ट्रेन संख्या 20901 मुंबई सेंट्रल–गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए पूरा किया गया। निर्धारित समय में सुरक्षित पहुंचाए गए इस हृदय का प्रत्यारोपण यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में किया जाएगा।
यह पहली बार है जब भारत में किसी जीवित हृदय को ट्रेन के माध्यम से सफलतापूर्वक एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाया गया। इस मिशन ने भारतीय रेल की तेज, विश्वसनीय और समयबद्ध सेवाओं को नई पहचान दी है।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर समय पर अस्पताल पहुंचाया गया हृदय
जीवित हृदय को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट तक पहुंचाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और गुजरात राज्य पुलिस ने विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। इसके चलते अंग को बिना किसी बाधा के निर्धारित समयसीमा के भीतर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे हार्ट ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।
भारतीय रेल, पुलिस और डॉक्टरों के समन्वय से सफल हुआ मिशन
इस चुनौतीपूर्ण अभियान में भारतीय रेल, गुजरात राज्य पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), चिकित्सकों, अंग प्रत्यारोपण समन्वयकों और चिकित्सा टीमों ने मिलकर काम किया। सभी एजेंसियों के बीच त्वरित और प्रभावी समन्वय के कारण यह संवेदनशील मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो सका।
अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि यह भारतीय रेल के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि जीवनरक्षक मिशनों में हर मिनट की अहमियत होती है और ऐसे अभियानों में भारतीय रेल की भूमिका केवल परिवहन तक सीमित नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने की जिम्मेदारी निभाने की भी है।
वंदे भारत की रफ्तार बनी जीवन बचाने का माध्यम
इस अभियान ने साबित किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस केवल तेज और आधुनिक यात्री ट्रेन ही नहीं, बल्कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसकी गति, समयपालन और विश्वसनीयता ने इस ऐतिहासिक मिशन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
भारतीय रेल की यह उपलब्धि भविष्य में अंग प्रत्यारोपण से जुड़े ऐसे जीवनरक्षक अभियानों के लिए नई संभावनाएं खोलती है और स्वास्थ्य सेवाओं में रेलवे की उपयोगिता को भी मजबूती से स्थापित करती है।



