
Sejal Pawar Controversy : मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल (KEM) अस्पताल ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में MBBS छात्रा सेजल पवार द्वारा की गई विवादित टिप्पणियों को “संवेदनहीन और आपत्तिजनक” करार दिया है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और अंतिम कार्रवाई छात्रा के माता-पिता से मुलाकात के बाद तय की जाएगी।
हाल ही में कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में सेजल पवार द्वारा “पुरुष शव” (Male Corpse) को लेकर की गई टिप्पणियां और एक अन्य प्रतिभागी हिमांशु जांगड़ा की “370 रुपये की बिरयानी” संबंधी टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इन बयानों की आलोचना की थी।
KEM अस्पताल ने बनाई जांच समिति
KEM अस्पताल ने शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि शिकायतें प्राप्त होने के बाद मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई थी। समिति ने कार्यक्रम की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग की समीक्षा की और संबंधित छात्रा से बातचीत भी की।
अस्पताल के अनुसार, प्रारंभिक जांच रिपोर्ट डीन कार्यालय को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान की गई कुछ टिप्पणियां एक मेडिकल छात्र से अपेक्षित पेशेवर आचरण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के अनुरूप नहीं थीं।
छात्रा ने सौंपा लिखित माफीनामा
अस्पताल ने बताया कि सेजल पवार ने लिखित माफीनामा जमा किया है। माफीनामे में उन्होंने स्वीकार किया है कि उनके कुछ बयान अनुचित थे और उनसे लोगों की भावनाएं आहत हुई हो सकती हैं।
बयान में कहा गया कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों से समाज अधिक संवेदनशीलता, सहानुभूति और पेशेवर व्यवहार की अपेक्षा करता है। ऐसे में सार्वजनिक मंचों पर दिए गए बयानों को भी इसी कसौटी पर देखा जाता है।
माता-पिता से चर्चा के बाद होगा अंतिम फैसला
KEM अस्पताल ने स्पष्ट किया है कि मामले में अंतिम निर्णय छात्रा के माता-पिता से मुलाकात और आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा। फिलहाल जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की समीक्षा जारी है।
यह विवाद सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है और मेडिकल छात्रों के सार्वजनिक आचरण को लेकर भी बहस छिड़ गई है।



