UP News : ‘बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता’, रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर बोले सीएम योगी

UP News : रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर सीएम योगी ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया और यूपी पुलिस में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की जानकारी दी।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रानी अवंती बाई को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान क्रांतिकारियों में शामिल बताते हुए कहा कि वीरांगनाओं का तप, त्याग और बलिदान देशवासियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई की उम्र महज 27 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान देकर साहस और देशभक्ति की मिसाल कायम की। उनका जीवन और संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाली महान वीरांगना

सीएम योगी ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी उन महान नायिकाओं में थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया। उनके नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ी गई। देश की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान और बलिदान के प्रति हर भारतवासी श्रद्धा से नतमस्तक है।

उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा देश के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों से प्रेरणा ले सकें।

तीन महिला पीएसी बटालियन वीरांगनाओं के नाम पर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वीरांगनाओं के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन नई महिला पीएसी बटालियन के गठन की दिशा में काम किया है। इन बटालियनों का नाम वीरांगनाओं के नाम पर रखा गया है।

बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला पीएसी वाहिनी का गठन किया गया है और इसका काम लगभग पूरा हो चुका है। यहां रानी अवंती बाई की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

वहीं लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पीएसी बटालियन के निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। दोनों स्थानों पर संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं भी स्थापित की जा रही हैं।

बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे कार्यों के पीछे मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बेटियां सुरक्षित वातावरण में सम्मान के साथ सिर उठाकर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर बनें, यही सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।

यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या 45 हजार से अधिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत महिला भर्ती को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारे तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाएं राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

Show More

Related Articles

Back to top button