
UP News : प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि करीब 25 करोड़ की आबादी और विविधताओं वाले उत्तर प्रदेश में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आसान नहीं है। इसके लिए मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के थीम गीत ‘खाकी का सितारा’ के विमोचन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए नाना पाटेकर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है और इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।
योगी सरकार में पुलिस को मिले आधुनिक संसाधन
नाना पाटेकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक संसाधन, नई तकनीक और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में उन्होंने उत्तर प्रदेश में बदलाव देखा है और कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि केवल पुलिस बल की संख्या बढ़ाने से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। इसके लिए मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीति के साथ पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करना भी जरूरी है।
‘पुलिस जितनी आधुनिक होगी, नागरिक उतना सुरक्षित होगा’
अभिनेता ने कहा कि पुलिस के आधुनिक होने के साथ नागरिकों की जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जितनी आधुनिक होगी, नागरिक उतना सुरक्षित होगा और नागरिक जितना जागरूक होगा, अपराधियों के लिए अपराध करना उतना ही मुश्किल होगा।
नाना पाटेकर ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्मों में कलाकारों को गलती सुधारने के लिए रीटेक मिल जाता है, लेकिन पुलिसकर्मियों के पास कठिन परिस्थितियों में ऐसा अवसर नहीं होता। उन्हें तत्काल निर्णय लेकर कार्रवाई करनी पड़ती है।
साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट पर जताई चिंता
नाना पाटेकर ने बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध आज वास्तविक चुनौती बन चुका है और इसका शिकार कोई भी व्यक्ति हो सकता है।
उन्होंने लोगों से कहा कि अगर कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल के जरिए डराने या पैसे मांगने का प्रयास करे तो तत्काल सतर्क हो जाएं। उनके मुताबिक साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार तकनीक से ज्यादा लोगों का डर है।
डिजिटल अरेस्ट जागरूकता फिल्म की सराहना
नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए बनाई गई फिल्म की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर कलाकारों की भागीदारी से किसी परिवार की जीवनभर की कमाई बचाई जा सके या किसी बुजुर्ग को साइबर ठगी से बचाया जा सके, तो यह बड़ा सामाजिक योगदान होगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और जवानों के काम की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि पुलिस जनता के भरोसे को आगे भी कायम रखेगी और प्रदेश को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



