Bollywood Crime News: पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, किडनैपिंग के 6 दिन बाद नहर में मिला शव

शादी से इनकार करने पर हत्या का आरोप, मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा कनाडा फरार बताया जा रहा है।

Bollywood Crime News: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पंजाबी सिंगर और एक्ट्रेस Inder Kaur उर्फ यशइंदर कौर की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। छह दिन पहले उनका अपहरण किया गया था और अब उनका शव नहर से बरामद होने के बाद पूरे पंजाब में सनसनी फैल गई है।

सिंगर की मौत की खबर से उनके फैंस सदमे में हैं, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


नहर में मिला शव, कपड़ों से हुई पहचान

मंगलवार सुबह लुधियाना के नीलो नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बाद में परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान Inder Kaur के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।


13 मई को हुई थी किडनैपिंग

परिवार के मुताबिक, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से राशन लेने बाजार गई थीं। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं।

इसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की और 15 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह पर अपहरण का आरोप लगाया गया।


शादी का दबाव बना रहा था आरोपी

इंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह के अनुसार, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा लंबे समय से सिंगर पर शादी करने का दबाव बना रहा था।

लेकिन इंदर ने उसे साफ मना कर दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बंदूक की नोक पर उनका अपहरण कर लिया।

परिवार का दावा है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर की कार रोकी और फिर उन्हें जबरन अपने साथ ले गया।


हत्या के बाद कनाडा फरार हुआ आरोपी

परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा में रहता है और कुछ समय पहले ही पंजाब आया था।

आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह वापस कनाडा फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी को वापस लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया शुरू करने की बात कह रही है।

Entertainment Update: सरोज खान ने करिश्मा कपूर के साथ दोबारा क्यों नहीं किया काम? सेट पर हुई बहस से बिगड़े रिश्ते


पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

परिवार ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 15 मई को नामजद शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

अब पुलिस का कहना है कि सह-आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


कौन थीं इंदर कौर?

Inder Kaur पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थीं। उन्हें यशइंदर कौर के नाम से भी पहचाना जाता था।

महज 29 साल की उम्र में उन्होंने पंजाबी संगीत जगत में अपनी खास पहचान बना ली थी। उनके गाने ‘वेहम’ और ‘सोने दी चिड़ी’ काफी लोकप्रिय हुए थे।

वह लाइव परफॉर्मेंस और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 1 लाख 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे।

Show More

Related Articles

Back to top button