
Entertainment News: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अपने गानों पर उठने वाली आपत्तियों को लेकर सीधे मंच से ही विरोधियों को जवाब दिया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित अपने कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने विदेशी और भारतीय कलाकारों के साथ होने वाले कथित दोहरे व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने ब्रिटिश म्यूजिकल बैंड कोल्डप्ले का उदाहरण देते हुए पूछा कि जब विदेशी कलाकार भारत में आकर ऐसे गाने गाते हैं, जिनमें शराब का जिक्र होता है, तब किसी को परेशानी नहीं होती, लेकिन जब वही बात उनके गानों में आती है तो शिकायतें शुरू हो जाती हैं।
दिलजीत का यह बयान उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के अहम पड़ाव पर आया है। शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित उनके कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। खचाखच भरे स्टेडियम में दिलजीत ने शानदार परफॉर्मेंस दी। हालांकि, संगीत और मनोरंजन के बीच उन्होंने अपने गानों को लेकर हो रहे विरोध पर भी खुलकर बात की।
कोल्डप्ले का उदाहरण देकर दिलजीत ने पूछे सवाल
कॉन्सर्ट के दौरान दर्शकों से बातचीत करते हुए दिलजीत दोसांझ ने पिछले साल इसी स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब कोल्डप्ले यहां आकर ‘I’m feeling drunk and high’ गाता है, तब किसी को कोई परेशानी नहीं होती। दिलजीत ने यह भी कहा कि उन्हें खुद कोल्डप्ले का यह गाना काफी पसंद है, लेकिन सवाल यह है कि विदेशी कलाकारों के लिए अलग नियम और भारतीय कलाकारों के लिए अलग नियम क्यों?
उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि जब विदेशी कलाकार भारत आकर परफॉर्म करते हैं तो सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन उनके गाने पर कुछ लोगों को आपत्ति होने लगती है। आखिर यह दोहरा रवैया क्यों है? दिलजीत का यह बयान अब चर्चा में है और सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
‘मैं भारत में पैदा हुआ हूं, किसी होनोलूलू में नहीं’
दिलजीत ने सिर्फ गानों पर होने वाली आपत्तियों का जवाब नहीं दिया, बल्कि अपनी भारतीय पहचान को लेकर भी विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके साथ ऐसा व्यवहार करते हैं, जैसे वह किसी दूसरे देश से आए हों। जबकि उनका जन्म भारत में हुआ है, किसी होनोलूलू में नहीं।
उन्होंने मंच पर मौजूद अपनी टीम और म्यूजिशियंस की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनके साथ काम करने वाले सभी कलाकार भी भारत की मिट्टी में जन्मे हैं। यही कलाकार मिलकर भारतीय और पंजाबी संगीत को दुनियाभर में पहुंचा रहे हैं।
दिलजीत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनके संगीत और कॉन्सर्ट को लेकर लगातार बहस हो रही है। एक तरफ उनके प्रशंसक उन्हें पंजाबी संगीत का वैश्विक चेहरा मानते हैं, तो दूसरी तरफ उनके कुछ गानों के बोलों को लेकर आपत्तियां भी उठाई जा रही हैं।
दिलजीत के चार गानों पर क्यों उठी आपत्ति?
दरअसल, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में चार गानों को शामिल किए जाने पर चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरन्नेवर ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने मांग की थी कि दिलजीत अपने लाइव शो में कुछ गाने न गाएं। इनमें ‘पटियाला पेग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छो फीम लब्बियां’ और ‘जट्ट उट्ठे फायर करदा’ शामिल हैं।
प्रोफेसर का तर्क है कि इन गानों के बोलों में शराब, नशे और हथियारों से जुड़ी चीजों का जिक्र है। इससे बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उनका मानना है कि लोकप्रिय कलाकारों की जिम्मेदारी है कि वे अपने संगीत के जरिए समाज को किस तरह का संदेश दे रहे हैं, इस पर भी ध्यान दें।
इस मामले में उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की चेतावनी भी दी थी। इसी विरोध के बीच दिलजीत ने अपने कॉन्सर्ट में कोल्डप्ले का उदाहरण देकर कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल खड़े किए।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने का सपना हुआ पूरा
विवादों से इतर अहमदाबाद का यह कॉन्सर्ट दिलजीत दोसांझ के लिए बेहद खास भी रहा। उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में परफॉर्म करना उनका पुराना सपना था। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इतनी बड़ी संख्या में प्रशंसकों को देखकर उन्होंने खुशी जाहिर की और अपने चाहने वालों का आभार जताया।
दिलजीत दोसांझ आज सिर्फ पंजाबी संगीत तक सीमित नहीं हैं। उनकी लोकप्रियता देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंच चुकी है। यही वजह है कि उनके कॉन्सर्ट और बयानों पर भी लोगों की नजर रहती है।
हालांकि, इस पूरे विवाद ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। क्या किसी कलाकार के गानों पर आपत्ति जताना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ है या फिर लोकप्रियता के साथ कलाकारों की सामाजिक जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है? दिलजीत ने अपने अंदाज में दोहरे रवैये का मुद्दा उठाया है, लेकिन शराब और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गीतों पर बहस भी अपनी जगह कायम है।



