Pratapgarh Police Encounter: पुलिस मुठभेड़ में झपटमारी का वांछित आरोपी शुभम तिवारी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

जेठवारा थाना क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, अवैध तमंचा, कारतूस और अपाचे बाइक बरामद

Pratapgarh Police Encounter: प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान झपटमारी के मामले में वांछित आरोपी शुभम तिवारी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गजराही नहर पुलिया के पास गश्त और चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक 23 जुलाई 2026 को नईम निवासी सरायबाबू, थाना जेठवारा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकान बंद कर घर लौटते समय अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी झपट ली थी। इस मामले में थाना जेठवारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को शुभम तिवारी की जानकारी मिली। मंगलवार को गजराही नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Pratapgarh News –शिक्षा नीति और पेपर लीक के विरोध में भाकपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम तिवारी उर्फ बच्चा पुत्र अवध कुमार तिवारी निवासी मनेहूँ, थाना जेठवारा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा तमंचे में फंसा एक मिस कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि इसी झपटमारी कांड में सह अभियुक्त हर्ष तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार शुभम तिवारी के विरुद्ध पूर्व से भी जेठवारा थाने में एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button