
68,500 Teacher Recruitment:लखनऊ के ईको गार्डन में शुक्रवार को 60वें दिन भी जारी रहा। वहीं, अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल पांचवें दिन में पहुंच गई है। आंदोलन के दौरान दो अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
आंदोलनकारियों के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 से भूख हड़ताल कर रहे चित्रकूट निवासी दीपक पटेल और बरेली निवासी नसीम फरीदी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल जारी करने की मांग
आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय दिलाने की अपील की है। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि प्रदेश सरकार दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल जारी करे, जिससे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थी अपने अधिकारों और नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्री से अपील की कि वह अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए न्याय दिलाने के लिए पहल करें।
नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि यदि दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया जाता है, तो वर्षों से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे आंदोलन का भी सकारात्मक समाधान निकल सकता है।
नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ धरना स्थल पर बीते
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि आंदोलन के कारण अभ्यर्थियों के नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ जैसे त्योहार धरना स्थल पर ही बीत गए। अब अभ्यर्थी चाहते हैं कि दीपावली भी उन्हें आंदोलन करते हुए न बितानी पड़े।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों की समस्याओं पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए और नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर उन्हें राहत दी जाए।
शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन में रंजना जायसवाल, गायत्री जायसवाल, सुमन यादव, रिशिता पाल, रंजना चौरसिया, नेहा यादव, मनीष पटवा, अरविंद कुमार, उत्कर्ष सिंह, ललित कुमार जायसवाल, संजीव वर्मा और घनश्याम यादव समेत सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।
अभ्यर्थियों ने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Read Also-Prayagraj News : भारी बारिश के बीच श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भक्ति और संकीर्तन से गूंजा पंडाल



