PM Modi’s New Instagram Video:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (7 अगस्त) से पहले एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से भारतीय हथकरघा उत्पादों को अपनाने और बुनकरों का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हैंडलूम से बने वस्त्र खरीदना केवल एक उत्पाद खरीदना नहीं, बल्कि लाखों बुनकर परिवारों की आजीविका को मजबूती देना है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे 7 अगस्त को हैंडलूम से बने कपड़े पहनें, उनका उपयोग करें और सोशल मीडिया पर तस्वीरें या वीडियो साझा कर दूसरों को भी भारतीय हस्तकरघा उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि देश के अनेक छोटे बुनकर परिवार घरों में करघों पर कपड़े तैयार करते हैं। यदि अधिक लोग हैंडलूम उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तो इन परिवारों की आय बढ़ेगी और स्थानीय उद्योग को भी मजबूती मिलेगी। उनके अनुसार, विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज के हर वर्ग की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित होगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि 7 अगस्त 1905 को स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसने देश में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की भावना को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा दिवस उसी विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है।
अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाएं, भारतीय हस्तकरघा उत्पादों को अपनाएं और बुनकर परिवारों की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दें।



