National News: PM मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम

19वें रोजगार मेले में PM मोदी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश, कहा- 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में नई पीढ़ी निभाएगी सबसे बड़ी भूमिका।

National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के युवाओं को रेलवे, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा समेत कई विभागों में नियुक्तियां दी गईं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की भूमिका सबसे अहम होने वाली है।

‘देश की विकास यात्रा के भागीदार बन रहे हैं युवा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन हजारों युवाओं और उनके परिवारों के लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि नौकरी पाने वाले युवा अब देश की विकास यात्रा के सक्रिय भागीदार बनने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और मेहनत सबसे बड़ी ताकत होगी।

उन्होंने कहा, “रेलवे, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में आप नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। देश को आगे बढ़ाने में आपकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।”

युवाओं को मिलेगा ग्लोबल एक्सपोजर

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत दुनिया के कई देशों के साथ नई साझेदारियां कर रहा है ताकि देश के युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि भारतीय युवाओं को सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अवसर और अनुभव मिले।

PM मोदी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर मिले और वे दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें।”

5 देशों की यात्रा का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न अपनी 5 देशों की यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस दौरे के दौरान कई अहम समझौते हुए और दुनिया की बड़ी कंपनियों ने भारत में निवेश और साझेदारी को लेकर रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के विकास से जुड़ना चाहती है और नई साझेदारियां देश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।

National News: PM मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, व्यापार से लेकर इंडो-पैसिफिक तक कई मुद्दों पर चर्चा

ग्रीन टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग में बढ़ेंगे अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, महत्वपूर्ण खनिज और टिकाऊ मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। स्वीडन, नॉर्वे, इटली और यूएई जैसे देशों के साथ हो रही साझेदारियां भारत के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर लेकर आएंगी।

उन्होंने कहा कि जहाज निर्माण, इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्रों में आने वाले समय में स्किल्ड युवाओं की मांग तेजी से बढ़ेगी।

रोजगार मेलों के जरिए लगातार हो रही नियुक्तियां

केंद्र सरकार का दावा है कि रोजगार मेलों के जरिए लाखों युवाओं को अब तक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का कहना है कि यह पहल पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई थी, जिसका लाभ देशभर के युवाओं को मिल रहा है।

Written By : Ekta Verma

Show More

Related Articles

Back to top button