
National News: भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी, सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका आने और व्हाइट हाउस का दौरा करने का न्योता भी दिया।
भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने पर जोर
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बैठक की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि अमेरिका और भारत के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्र में दोनों देशों की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है, जो एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने भारत को अमेरिका का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि 21वीं सदी में दोनों देशों का साथ मिलकर काम करना वैश्विक स्थिरता और आर्थिक विकास के लिए अहम साबित होगा।
व्यापार, AI और रक्षा सहयोग पर फोकस
मार्को रूबियो के भारत दौरे को अमेरिका की विदेश नीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रक्षा सहयोग, ऊर्जा, आपूर्ति शृंखलाओं और उभरती तकनीकों पर भी चर्चा हुई।
अमेरिकी पक्ष का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़ता सहयोग दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक हितों को नई मजबूती देगा।
चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। कार्यक्रम के अनुसार, वह 24 मई को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा वह नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।
भारत और अमेरिका के बीच हाल के वर्षों में रक्षा, व्यापार और तकनीकी क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते सहयोग को देखते हुए रूबियो का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।



