
Akali Dal Alliance: पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से राजनीतिक गठबंधन होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाब के लोगों का कल्याण सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी पर प्रसन्नता जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि दोनों दलों का साथ राज्य को विकास की नई दिशा देने में मददगार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार, 24 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गठबंधन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अकाली दल का NDA परिवार में लौटना खुशी की बात है। उनके मुताबिक भाजपा और अकाली दल का गठबंधन स्वाभाविक है और इसका उद्देश्य पंजाब को ऐसा शासन उपलब्ध कराना है, जिसमें जनता के हितों को प्राथमिकता मिले तथा राज्य विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
पुराने रिश्तों और नेताओं को किया याद
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के प्रयासों से मजबूत हुआ भाजपा-अकाली दल गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है।
मोदी ने विश्वास जताया कि दोनों दलों की साझेदारी पंजाब के लोगों की पसंद बनेगी। उन्होंने गठबंधन को राज्य के हितों से जुड़ा बताते हुए पंजाब के विकास और जनकल्याण को सबसे अहम प्राथमिकता बताया।
दिल्ली में दोनों दलों ने किया गठबंधन का ऐलान
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को दिल्ली में संयुक्त रूप से आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। दोनों दलों ने इसे केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और भावनात्मक गठबंधन बताया। इस घोषणा के साथ ही लंबे समय से अलग चल रहे दोनों पुराने सहयोगी एक बार फिर NDA के मंच पर साथ आ गए हैं।
गठबंधन की घोषणा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। अमित शाह ने बताया कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल बड़े सहयोगी की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का पद भी इसी पार्टी को मिलेगा।
सीटों के बंटवारे पर आगे तय होगी रणनीति
दोनों दलों ने सभी 117 सीटों पर संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने की बात कही है। हालांकि, किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका विस्तृत बंटवारा अभी तय होना बाकी है। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए दोनों दल अपनी साझा रणनीति और घोषणापत्र को अंतिम रूप देंगे।
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन वर्ष 2020 में कृषि कानूनों को लेकर मतभेद के बाद टूट गया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर साथ आने का फैसला किया है। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस राजनीतिक घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
written by Siddhi Srivastaava



