Baba Ramdev: श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री के बयान से भड़के बाबा रामदेव, ‘ढोंगी-पाखंडी’ तक कह डाला, जानें पूरा विवाद

जमशेदपुर में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। भगवान श्रीकृष्ण की टिप्पणी, अंधविश्वास और धार्मिक मर्यादा को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

Baba Ramdev: योगगुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गहराता नजर आ रहा है। धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर अब बाबा रामदेव ने तीखी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बिना नाम लिए कथावाचक पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘ढोंगी, पाखंडी और धूर्त’ तक कह दिया। बाबा रामदेव ने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करना और देवी-देवताओं को लेकर हल्की टिप्पणियां करना किसी भी तरह उचित नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गलत बातों, गलत व्यक्तियों और गलत विचारों के साथ खुद को न जोड़ें।

दरअसल, बाबा रामदेव रविवार को झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने सनातन धर्म, धार्मिक मर्यादा और समाज में बढ़ते अंधविश्वास को लेकर अपनी बात रखी। इसी दौरान उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी जाहिर की।

‘पहले खुद को ही बचा ले बावले’

बाबा रामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग न तो वेद पढ़ते हैं और न ही दर्शन, उपनिषद, कुरान, रामायण और महाभारत का सही ज्ञान रखते हैं। इसके बावजूद वे मंचों पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और खुद को सनातन धर्म का रक्षक बताते हैं।

उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने न वेद पढ़ा और न ही दर्शन उपनिषद पढ़े हैं। न कुरान, न रामायण, न महाभारत पढ़ा है। न संविधान को जानते हैं और न लोकतंत्र को जानते हैं। बस खड़े होकर बकवास करते हैं और कहते हैं कि हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे पहले खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी-धूर्त कहीं का।”

हालांकि, बाबा रामदेव ने इस दौरान सीधे तौर पर धीरेंद्र शास्त्री का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को भगवान श्रीकृष्ण पर की गई कथावाचक की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।

गलत बातों और व्यक्तियों से दूरी बनाने की अपील

बाबा रामदेव ने कहा कि समाज को यह समझना होगा कि धर्म के नाम पर कौन सही बात कर रहा है और कौन लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें गलत बातों, गलत व्यक्तियों और गलत विचारों के साथ खुद को नहीं जोड़ना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कथावाचक सनातन धर्म के छोटे-छोटे पहलुओं को लेकर लोगों को उत्तेजित करते हैं। देवी-देवताओं और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों का शोषण किया जाता है।

रामदेव ने साफ कहा कि धर्म के नाम पर किसी भी व्यक्ति का शोषण नहीं होना चाहिए। धार्मिक आस्था लोगों को सही रास्ता दिखाने का माध्यम होनी चाहिए, न कि डर और अंधविश्वास फैलाने का जरिया।

भूत-प्रेत के नाम पर अंधविश्वास फैलाने का लगाया आरोप

बाबा रामदेव ने अपने संबोधन में अंधविश्वास पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कुछ कथावाचकों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को यह दिखाया जाता है कि उनके शरीर में भूत-प्रेत का प्रवेश हो गया है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग बाल बिखेरकर पांच बार इधर और पांच बार उधर झटका देते हैं और फिर दावा करते हैं कि व्यक्ति पर भूत-प्रेत की बाधा है। इसके बाद पानी छिड़ककर समस्या खत्म होने का दिखावा किया जाता है।

रामदेव के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मां, बहन और बेटियां इस तरह के पाखंड का शिकार बनती हैं। इसलिए समाज को ऐसे अंधविश्वास के खिलाफ जागरूक होना चाहिए।

श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना पर जताई नाराजगी

इस पूरे विवाद की सबसे बड़ी वजह भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण के लिए ‘टेढ़े-मेढ़े’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

बताया गया कि विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने माफी भी मांगी थी। हालांकि, बाबा रामदेव ने इस पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बांके बिहारी के सामने मत्था टेकने के बाद भी भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा बताने जैसी बात दोहराना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की आपस में तुलना नहीं होनी चाहिए। हंसी-मजाक के नाम पर भी अपने आराध्य और अवतारी सत्ताओं का अपमान करना उचित नहीं है। बाबा रामदेव ने सवाल उठाया कि आखिर हमारी क्या हैसियत है कि हम देवी-देवताओं की तुलना करें या उनका अनादर करें?

Avinash Mishra Breakup: ईशा सिंह से ब्रेकअप पर अविनाश मिश्रा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘मेरी ही गलती है’, VIDEO में मांगी माफी

‘समाज में किसी को भी हल्की बातें बोलने का अधिकार नहीं’

बाबा रामदेव ने धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों की मर्यादा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर चीज की एक सीमा होती है और किसी को भी समाज में हल्की या अपमानजनक बातें बोलने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने बताया कि वह पहले व्यक्तिगत रूप से लोगों को समझाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब बात नहीं बनती तो सार्वजनिक मंच से अपनी बात रखनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर हो रहे ढोंग और आडंबर को देखकर उन्हें भीतर से पीड़ा होती है।

रामदेव ने कहा कि साधु होने के नाते वे उन्माद फैलाने वाली बातें नहीं करेंगे। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाली गतिविधियों पर सवाल उठाना है।

फिलहाल भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दो चर्चित धार्मिक हस्तियों के बयानों के कारण चर्चा में है। एक तरफ धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी और उसके बाद मांगी गई माफी है, तो दूसरी तरफ बाबा रामदेव का तीखा विरोध। इस पूरे मामले ने एक बार फिर धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों की मर्यादा और जिम्मेदारी को लेकर बहस छेड़ दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button